Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

ट्विशा मर्डर केश नहीं, सुसाइड था

भोपाल। भोपाल के हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की आशंकाओं को खारिज कर दिया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि नोएडा की रहने वाली नवविवाहित ट्विशा की मौत एक आत्महत्या का मामला है, न कि हत्या का। पुलिस ने यह दावा मृतका के परिवार द्वारा ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ लगाए गए गंभीर आपराधिक आरोपों के बीच किया है। घटना के बाद से ही मृतका का पति फरार चल रहा है।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के अनुसार, ट्विशा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किसी भी तरह के ड्रग्स या नशीले पदार्थ के सेवन का कोई संकेत नहीं मिला है। यह तथ्य उनकी सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के उस दावे के बिल्कुल विपरीत है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ट्विशा को नशे की लत थी और ग्लैमर इंडस्ट्री में जाने के बाद उसके माता-पिता ने उससे नाता तोड़ लिया था। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अब तक एकत्र किए गए सबूतों के मुताबिक, यह एंटी-मॉर्टम हैंगिंग (मौत से पहले फांसी लगाना) यानी आत्महत्या का मामला है।

नोएडा की रहने वाली ट्विशा गत 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। मृतका के परिवार वालों का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। परिजनों ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है और वे दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग पर अड़े हैं। इस पर पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि दोबारा पोस्टमॉर्टम की अनुमति देना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, इसके लिए परिवार को अदालत का रुख करना होगा। साथ ही, उन्होंने एफआईआर दर्ज करने में किसी भी तरह की देरी से इनकार किया है।

हालांकि, पुलिस कमिश्नर ने जांच के दौरान हुई एक प्रशासनिक लापरवाही को स्वीकार किया है। दरअसल, जिस बेल्ट के सहारे ट्विशा ने फांसी लगाई थी, उसे समय पर पोस्टमॉर्टम टेबल तक नहीं पहुंचाया जा सका था। कमिश्नर ने इस चूक पर अलग से जांच कराने का आश्वासन दिया है और कहा कि बाद में बेल्ट को अस्पताल भेजकर रिपोर्ट ले ली गई थी, जिससे मुख्य जांच पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Comments (0)

Leave a Comment