Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, तीन जिलों में स्कूल बंद, प्रशासन मुस्तैद

देहरादून । उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद चंपावत और ऊधम सिंह नगर में अलर्ट घोषित किया गया है। शुक्रवार को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने संभावित आपदाओं से निपटने के लिए कमर कस ली है।

चंपावत में शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी है। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को भूस्खलन, जलभराव या सड़क अवरुद्ध होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। प्रशासन ने आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। बाधित सड़कों को प्राथमिकता पर खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर में भी अलर्ट घोषित है। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी विभागों को भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी के मद्देनजर हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया। अधिकारियों को राहत कार्यों में समन्वय, संचार बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा मोटर मार्गों को शीघ्र खुलवाने के निर्देश मिले हैं। दोनों जिलों के प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति की सूचना तत्काल आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।

Comments (0)

Leave a Comment