Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

वैभव सूर्यवंशी ने फिर जगाई क्रिकेट में दिलचस्पी

नई दिल्ली । महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बना ली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया भी कह चुके हैं कि बोर्ड की नजर इस युवा प्रतिभा पर रहेगी और उसे सचिन तेंदुलकर जैसा खिलाड़ी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि यह युवा बल्लेबाज एक बार फिर क्रिकेट को दिलचस्प बना रहा है। उन्होंने बताया कि वैभव का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि उनकी पत्नी भी उसके कारण क्रिकेट मैच देख रही हैं। वैभव के लिए 2026 अब तक शानदार रहा है। उन्होंने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में दो अर्धशतक लगाए और दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 92 तथा 40 रन की पारियां खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब उनकी नजर एशियन गेम्स और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज पर है।

अपने यूट्यूब चौनल पर क्रिस श्रीकांत ने कहा कि वैभव को लगातार प्रोत्साहित करने की जरूरत है और उन्हें किसी भी स्थिति में हतोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक यदि वैभव को सही तरीके से तैयार किया गया तो वह बहुत बड़े सुपरस्टार बन सकते हैं। श्रीकांत ने कहा कि वैभव टेस्ट क्रिकेट का गौरव वापस दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दलीप ट्रॉफी को लोगों ने वैभव की वजह से देखा और उनकी पत्नी भी सिर्फ इसी युवा खिलाड़ी को देखने के लिए मैच देख रही थीं। दलीप ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में वैभव केवल आठ रन बना पाए थे, लेकिन सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार वापसी की। पहली पारी में 92 रन बनाने के साथ उन्होंने दूसरी पारी में भी 40 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके साथ ही वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र, 15 साल 157 दिन में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। पूरे मुकाबले में उन्होंने 132 रन बनाए। ईस्ट जोन ने यह मुकाबला चार विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

अब वैभव के अगले मैच को लेकर असमंजस की स्थिति है। छह सितंबर से दलीप ट्रॉफी का फाइनल ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जाना है, जबकि 13 सितंबर से भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज शुरू होगी। भारतीय टीम के खिलाड़ियों के नौ या 10 सितंबर को नई दिल्ली में जुटने की संभावना है। दलीप ट्रॉफी फाइनल के लिए पांच दिन का समय निर्धारित है। ऐसे में यदि वैभव फाइनल में खेलते हैं तो उन्हें भारतीय टीम के साथ जुड़ने और सीरीज की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक अब मुख्य कोच गौतम गंभीर को फैसला करना होगा कि वैभव को दलीप ट्रॉफी फाइनल में उतारा जाए या उन्हें टीम इंडिया के साथ जोड़ने के लिए नई दिल्ली बुलाया जाए।

Comments (0)

Leave a Comment