Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

यूक्रेन ने रूस पर लगाए युद्ध अपराध के आरोप

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन शहर से एक बेहद भयावह घटना सामने आई है। यहां एक रूसी ड्रोन ने सड़क किनारे सब्जियां बेच रहे एक नागरिक का पीछा किया और उसे निशाना बनाने की कोशिश की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यूक्रेन ने रूस पर आम नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने और युद्ध अपराध करने का आरोप लगाया है। इस घटना ने एक बार फिर युद्ध में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, खेरसॉन निवासी 52 वर्षीय यूरी अपनी पत्नी के साथ सड़क किनारे वैन के पास टमाटर, खीरे, बैंगन और अन्य सब्जियां बेच रहे थे। तभी उनके ऊपर एक ड्रोन मंडराने लगा। यूरी के मुताबिक, ड्रोन की आवाज सुनते ही उनकी पत्नी किसी तरह वहां से निकल गईं, लेकिन ड्रोन लगातार उनका पीछा करता रहा। उन्होंने बताया कि ड्रोन ऑपरेटर को यह बताने के लिए कि वह कोई सैनिक या कैमरा लिए व्यक्ति नहीं हैं, उन्होंने लहसुन की गांठें उठाकर कैमरे की ओर दिखाईं। इसके बावजूद ड्रोन ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। यूरी ने बताया कि वह जान बचाने के लिए एक छाते के नीचे जाकर छिपने की कोशिश करने लगे, लेकिन ड्रोन वहां भी पहुंच गया। इसके बाद उन्होंने वैन के पीछे कूदकर बचने का प्रयास किया, तभी ड्रोन में विस्फोट हो गया। विस्फोट में उनकी जान तो बच गई, लेकिन शरीर में छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और घटना के बाद वह गहरे सदमे में हैं।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस आम नागरिकों के खिलाफ सुनियोजित तरीके से ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया को ऐसे हमलों के सबूत देखने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को रूस पर दबाव बढ़ाकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। खेरसॉन में पिछले कई महीनों से कथित ड्रोन सफारी जैसे हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं। यूक्रेन का आरोप है कि इन हमलों में ड्रोन के जरिए आम नागरिकों को निशाना बनाया जाता है। चूंकि खेरसॉन अग्रिम मोर्चे के बेहद करीब स्थित है, इसलिए यहां लगातार खतरा बना रहता है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में भी इस क्षेत्र में ड्रोन हमलों के कारण नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताई गई थी। दूसरी ओर, रूस ने भी यूक्रेन पर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। मॉस्को का दावा है कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में काला सागर के रिसॉर्ट शहर गेलेंदझिक में तीन बच्चों सहित सात लोगों की मौत हुई। दोनों देशों के एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच युद्ध लगातार और अधिक जटिल तथा मानवीय संकट को गहराता हुआ दिखाई दे रहा है।

Comments (0)

Leave a Comment