Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

कठिन समय में आमिर खान ने दिया साथ : सायरा बानो

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान  के जन्मदिन के मौके पर वरिष्ठ अभिनेत्री सायरा बानो ने उनके व्यक्तित्व से जुड़ी कुछ खास और भावुक यादें साझा कीं, जिन्हें बहुत कम लोग जानते हैं। सायरा बानो ने आमिर खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जीवन के सबसे कठिन समय में अभिनेता ने  दिलीप कुमार का जिस तरह साथ दिया, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि बीमारी के दौरान जब अस्पताल के लंबे और थकाने वाले गलियारों से गुजरना पड़ता था, तब आमिर खान का साथ उन्हें मानसिक ताकत देता था। उन पलों में उनकी शांत उपस्थिति और दयालु स्वभाव ने उन्हें काफी संबल दिया। सायरा बानो के अनुसार ऐसे संवेदनशील और आत्मीय क्षणों को भूल पाना संभव नहीं है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर दिलीप कुमार और आमिर खान की एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि कुछ ही दिन पहले जब आमिर खान अपनी पत्नी के साथ उनसे मिलने आए, तो उनका दिल अपनों की गर्मजोशी से भर गया।

 सायरा बानो ने बताया कि आमिर हमेशा से विनम्र, विचारशील और सौम्य स्वभाव के रहे हैं। दिलीप कुमार के प्रति उनका सम्मान केवल एक प्रशंसक का नहीं था, बल्कि उसमें सच्ची आत्मीयता और गहरा आदर झलकता था, जो कई मौकों पर दिखाई देता रहा। सायरा बानो ने यह भी कहा कि आमिर खान उनके लिए सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हैं। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी आमिर ने हमेशा उनका साथ दिया और उनका हौसला बढ़ाया। जन्मदिन की बधाई देते हुए सायरा बानो ने लिखा कि जहां दुनिया भर में लाखों लोग आमिर खान की प्रतिभा के प्रशंसक हैं, वहीं जो लोग उन्हें करीब से जानते हैं, वे उनके अद्भुत और अनमोल व्यक्तित्व को भी उतना ही महत्व देते हैं। 

गौरतलब है कि सायरा बानो 60 और 70 के दशक की हिंदी फिल्मों की प्रमुख अभिनेत्रियों में रही हैं। हालांकि अब वह फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अक्सर सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी सिनेमा से जुड़ी अनसुनी और दिलचस्प यादें साझा करती रहती हैं। दिलीप कुमार के निधन के बाद वह उनसे जुड़े कई भावुक और खूबसूरत किस्से भी प्रशंसकों के साथ साझा करती रही हैं, जिन्हें फैंस बेहद पसंद करते हैं। मालूम हो कि आमिर खान को उनकी शानदार अभिनय क्षमता और चुनिंदा फिल्मों के लिए जाना जाता है। हिंदी सिनेमा में उनकी पहचान सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता के रूप में ही नहीं, बल्कि एक शांत, संवेदनशील और विनम्र इंसान के रूप में भी है। 

Comments (0)

Leave a Comment