Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

रश्मिका विजय अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट कर रहे शादी को

मुंबई । मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और साउथ के अभिनेता विजय देवरकोंडा अपनी शादी को अनोखे अंदाज में सेलिब्रेट कर रहे हैं। अपनी ग्रैंड शादी के बाद इस कपल ने देश भर के लोगों के साथ अपनी खुशी साझा करने का फैसला किया है।

अपनी शादी के तुरंत बाद दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त संदेश जारी किया, जिसमें बताया कि वे देशभर के 21 शहरों में मिठाइयाँ बांट रहे हैं और कई मंदिरों में अन्नदान भी करेंगे। उनके इस गैस्चर को देखकर फैंस बेहद खुश हैं और सोशल मीडिया पर कपल की तारीफ कर रहे हैं। जॉइंट स्टेटमेंट में रश्मिका और विजय ने लिखा कि देश के लोग हमेशा उनकी यात्रा और प्रेम का हिस्सा रहे हैं, इसलिए उनके साथ इस खुशी को बांटना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि भारत में त्योहार मिठाई और भोजन के साथ मनाने की परंपरा है, इसी वजह से उन्होंने देशभर में मिठाईयों से भरे ट्रक भेजने का फैसला किया है। साथ ही, कपल ने कहा कि वे कई मंदिरों में अन्नदान करके आशीर्वाद भी लेना चाहते हैं। मिठाइयाँ भेजे गए शहरों की सूची भी साझा की गई, जिनमें दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद, गाजियाबाद, चेन्नई, कोयंबटूर, मैसूर, कोच्चि, पुडुचेरी, कुर्ग, महबूबनगर, करीमनगर समेत कुल 21 शहर शामिल हैं। पोस्ट में यह भी बताया गया कि ट्रेन में देरी होने के कारण बिहार में मिठाइयाँ सोमवार तक पहुँचेंगी।

इसके अलावा कपल ने जिन 16 मंदिरों में अन्नदान करने की घोषणा की है, उनमें वृंदावन का श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर, बेंगलुरु का शिवोहम मंदिर, मैसूर का चामुंडेश्वरी मंदिर, कुर्ग का पाडी इग्गुथाप्पा मंदिर, जयपुर का गोविंद देव जी मंदिर, रायपुर का श्री श्री राधा रस बिहारी जी मंदिर, गुवाहाटी का श्री रुक्मिणी मंदिर और अहमदाबाद का श्री श्री गोविंदा धाम इस्कॉन मंदिर शामिल हैं। उदयपुर में हुई इस शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर धूम मचा रही हैं। रश्मिका के पोस्ट पर 24 मिलियन से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं।

Comments (0)

Leave a Comment