Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

5 हजार की मदद किसानों का अपमान'

चुनावों में महिलाओं को 50% टिकट देने की मांग
नई दिल्ली / यवतमाल: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा सूखा प्रभावित किसानों को दी गई 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता को बेहद अपर्याप्त और किसानों का अपमान करार दिया है। विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे दीपके ने राज्य सरकार की संवेदनशीलता पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि अपने पालतू जानवरों पर इससे कहीं अधिक खर्च करते हैं, जबकि अन्नदाता आज भुखमरी के कगार पर खड़ा है। इसके साथ ही, उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सभी राजनीतिक दलों से महिलाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने की भी मांग उठाई।
यवतमाल में किसानों से मुलाकात, बीमा और मुआवजे पर उठाए सवाल
अभिजीत दीपके ने सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका के साथ विदर्भ और मराठवाड़ा के किसानों की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को यवतमाल जिले का दौरा किया। किसानों से संवाद करने के बाद मीडिया से बात करते हुए दीपके ने कहा कि किसानों की पीड़ा सुनकर सरकार की असंवेदनशीलता का अंदाजा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान नियमित रूप से फसल बीमा का प्रीमियम भरते हैं, लेकिन संकट के समय उन्हें बीमा की क्लेम राशि नहीं मिलती। दीपके ने यह भी दावा किया कि कई किसानों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा दीपावली के दौरान घोषित की गई 5,000 रुपये की सहायता राशि भी अब तक प्राप्त नहीं हुई है।
"क्या 5,000 रुपये में किसान का गुजारा संभव है?"
सरकार की राहत राशि पर तीखा प्रहार करते हुए सीजेपी नेता ने सवाल किया, "एक किसान परिवार के लिए 5,000 रुपये से क्या होगा? मंत्री, विधायक और सांसद अपने कुत्तों पर भी 5,000 रुपये से ज्यादा खर्च कर देते हैं, और किसानों को महज 5,000 रुपये देकर उनका अपमान किया जा रहा है। आखिर किसानों को कितने महीनों तक इसी मामूली रकम में गुजारा करना होगा?" उन्होंने चिंता जताई कि कई किसानों के पास अगले एक-दो महीनों में खाने तक के लाले पड़ने की स्थिति है। 1972 के भीषण सूखे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में संसाधनों और विज्ञान की कमी थी, लेकिन आज 2026 में इतनी वैज्ञानिक प्रगति के बावजूद किसान पूरी तरह प्रकृति के भरोसे छोड़ दिए गए हैं।
महिला आरक्षण और चुनावी टिकटों पर भी घेरा
महिला आरक्षण से जुड़े एक सवाल पर अभिजीत दीपके ने इसे 33 प्रतिशत तक सीमित रखने के औचित्य पर सवाल उठाया। उन्होंने तर्क दिया कि देश में महिलाओं की आबादी लगभग आधी है, इसलिए आगामी विधानसभा चुनावों—विशेषकर उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में—सभी राजनीतिक दलों को ईमानदारी दिखाते हुए महिलाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने चाहिए। मंत्रिमंडल में महिलाओं की कम संख्या पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो दल महिला प्रतिनिधित्व की बात करते हैं, उनके मंत्रिमंडल में गिनती की महिलाएं हैं।


Comments (0)

Leave a Comment