Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

कल्याण बनर्जी का निलंबन रद्द करने की मांग:

 अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखा पत्र
नई दिल्ली: 30 नवंबर 2026 को लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अपने वरिष्ठ सांसद और पार्टी के चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त करने की मांग उठाई है। लोकसभा में टीएमसी के नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार (27 नवंबर 2026) को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक औपचारिक पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। 
पत्र में क्या कहा अभिषेक बनर्जी ने?
अभिषेक बनर्जी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई 2026 को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित किया गया था। चूंकि 13 अगस्त को मानसून सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित (Adjourned sine die) कर दिया गया था, लेकिन उसका सत्रावसान (Prorogued) नहीं हुआ, इसलिए तकनीकी रूप से कल्याण बनर्जी का निलंबन अब भी प्रभावी है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि निलंबन जारी रहता है, तो कल्याण बनर्जी 30 नवंबर से शुरू होने वाली सदन की आगामी बैठकों में शामिल नहीं हो पाएंगे। इससे वे न केवल एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में अपने संसदीय कर्तव्यों से वंचित रहेंगे, बल्कि लोकसभा में टीएमसी के चीफ व्हिप के तौर पर पार्टी के कामकाज और समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी नहीं निभा सकेंगे।
लोकसभा नियम 374(2) का दिया हवाला
टीएमसी सांसद ने अपने पत्र में लोकसभा के प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमों के नियम 374(2) का हवाला दिया है। इस नियम के तहत सदन में प्रस्ताव लाकर किसी भी समय किसी सदस्य के निलंबन को समाप्त किया जा सकता है। अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर ओम बिरला से आग्रह किया है कि वे कल्याण बनर्जी का निलंबन रद्द करने संबंधी प्रस्ताव पर शीघ्र विचार करने की सुविधा प्रदान करें, ताकि वे 30 नवंबर से सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकें।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 22 जुलाई 2026 को मानसून सत्र के दौरान महिला सांसदों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की शिकायत के बाद कल्याण बनर्जी को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। अब 30 नवंबर को लोकसभा की विशेष बैठक फिर से शुरू होने जा रही है, जिसमें महत्वपूर्ण सरकारी कामकाज निपटाया जाना है, ऐसे में विपक्ष के लिए अपने सभी सांसदों की उपस्थिति बेहद अहम मानी जा रही है

Comments (0)

Leave a Comment