Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

ईरानी तेल टैंकर की हेलीकॉप्टर से घेरकर ली तलाशी

वॉशिंगटन। मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए ईरानी ध्वज वाले एक तेल टैंकर की घेराबंदी की और उस पर चढ़कर सघन तलाशी ली। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, यह तेल टैंकर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी का खुलेआम उल्लंघन करते हुए एक ईरानी बंदरगाह की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस सैन्य ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि मरीन एक्सपीडेशनरी यूनिट के जांबाज मरीन कमांडो ने सेलेशियल सी नाम के इस तेल टैंकर को बीच समुद्र में रोका। करीब 120 मीटर लंबे इस विशालकाय वाणिज्यिक जहाज पर हेलीकॉप्टर की मदद से अमेरिकी सैनिक उतरे और पूरे जहाज का कोना-कोना खंगाला। विस्तृत जांच और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद जहाज को तो छोड़ दिया गया, लेकिन अमेरिकी सेना ने उसके चालक दल (क्रू) को तुरंत अपना समुद्री रास्ता बदलने का सख्त आदेश जारी किया।

अमेरिका का साफ कहना है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रैट) और उसके आसपास के संवेदनशील समुद्री इलाकों में ईरान से जुड़े संदिग्ध जहाजों पर बेहद कड़ी नजर रख रहा है। सेंट्रल कमांड के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से अब तक 91 कमर्शियल जहाजों का रास्ता बदला जा चुका है। अमेरिकी नौसेना की यह बड़ी कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने खाड़ी देशों के विशेष अनुरोध के बाद ईरान पर नए सैन्य हमले की योजना को फिलहाल टाल दिया है और बातचीत का रास्ता खुला रखा है। दूसरी तरफ, ईरान भी झुकने को तैयार नहीं है। इस बीच, तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जहाजों के लिए एक नया मल्टी-लेयर क्लियरेंस सिस्टम लागू करना शुरू कर दिया है, जिसमें विशेष अनुमति और फीस का प्रावधान है। हालांकि, अमेरिका ने दुनिया भर की शिपिंग कंपनियों को ईरान के इस नियंत्रण को स्वीकार न करने की चेतावनी दी है। ज्ञात हो कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण तेल सप्लाई लाइनों में से एक है, जहां से वैश्विक बाजार का करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस गुजरता है। इस ताजा टकराव के कारण फारस की खाड़ी में करीब 90 देशों के 1500 से अधिक जहाज फंसे हुए हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों पर भारी दबाव बढ़ गया है।

Comments (0)

Leave a Comment