Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

संविधान का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, आचरण से हो

26 नवंबर संविधान गौरव दिवस पर विशेष

नई दिल्ली। भारत में 26 नवंबर का दिन लोकतांत्रिक इतिहास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 1949 में इसी दिन संविधान सभा ने देश के संविधान को अंगीकृत किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान गौरव दिवस केवल एक ऐतिहासिक अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का स्मरण कराने का दिन भी है।

भारतीय संविधान स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और देशवासियों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का परिणाम है। संविधान सभा ने लंबे विचार-विमर्श, बहस और संशोधनों के बाद ऐसी व्यवस्था तैयार की, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को सर्वोच्च स्थान दिया गया। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान ने इस ऐतिहासिक दस्तावेज को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का योगदान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला के रूप में सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता से मुक्त समाज की कल्पना की थी। उनका मानना था कि शिक्षा, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों के माध्यम से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है। इसलिए बाबासाहेब के प्रति सच्चा सम्मान तभी प्रकट होगा, जब हम अपने व्यवहार से जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान और असमानता को समाप्त करने का प्रयास करेंगे।

संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द 'हम, भारत के लोग' लोकतंत्र की मूल भावना को स्पष्ट करते हैं। इसका अर्थ है कि देश की संवैधानिक सत्ता का वास्तविक स्रोत जनता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता, धार्मिक स्वतंत्रता तथा न्याय का अधिकार देता है। साथ ही यह सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा और देश की एकता एवं अखंडता सुरक्षित रहे। लोकतंत्र की मजबूती केवल सरकार या राजनीतिक संस्थाओं पर निर्भर नहीं करती, बल्कि जागरूक नागरिकों की भागीदारी भी इसमें महत्वपूर्ण होती है। मतदान करना प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है। चुनाव में अपने विवेक, जानकारी और जनहित को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए। चुनाव में जीत किसी राजनीतिक दल के लिए जनता की सेवा का अवसर है, जबकि हार आत्ममंथन और अपनी कमियों को सुधारने का संदेश देती है।

संविधान अधिकारों के साथ नागरिकों को कर्तव्यों का भी बोध कराता है। राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान, देश की एकता बनाए रखना, सामाजिक सद्भाव बढ़ाना, पर्यावरण की रक्षा करना और सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारियां हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवीय मूल्यों और सुधार की भावना को अपनाना भी एक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है। आज संविधान के सम्मान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक जीवन में गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता है। संविधान की पुस्तक हाथ में रखना अच्छी बात है, लेकिन उसका वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब उसके आदर्श हमारे व्यवहार, निर्णय और सार्वजनिक जीवन में दिखाई दें। संविधान किसी एक राजनीतिक दल, परिवार या विचारधारा की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा धरोहर है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र की ताकत है। सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना, गलतियों की आलोचना करना और शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। लेकिन इस स्वतंत्रता के साथ तथ्यों के प्रति ईमानदारी और दूसरों की गरिमा का सम्मान भी आवश्यक है। अपने लिए स्वतंत्रता की मांग करते हुए दूसरों की आवाज दबाना संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। इसी प्रकार समानता और सामाजिक न्याय की बात करने वाले राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को अपने व्यवहार में भी इन मूल्यों को अपनाना चाहिए। लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है। किसी संस्था का निर्णय अनुकूल होने पर उसकी प्रशंसा और प्रतिकूल होने पर बिना प्रमाण उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाना संवैधानिक प्रतिबद्धता नहीं हो सकती। आलोचना का आधार तथ्य और उद्देश्य सुधार होना चाहिए।

संविधान के इतिहास में आपातकाल का दौर लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी के रूप में दर्ज है। वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए, विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया और प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित हुई। यह दौर बताता है कि लोकतंत्र में सत्ता का केंद्रीकरण कितना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। आपातकाल के दौरान 39वें और 42वें संविधान संशोधनों को लेकर भी गंभीर विवाद हुए। बाद में सर्वोच्च न्यायालय ने संवैधानिक सीमाओं और न्यायिक समीक्षा के महत्व को स्पष्ट किया। मिनर्वा मिल्स मामले में न्यायालय ने संसद की संशोधन शक्ति को असीमित करने वाले प्रावधानों को असंवैधानिक ठहराया। ये घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि संविधान सर्वोच्च है और कोई भी सरकार उसकी सीमाओं से ऊपर नहीं हो सकती।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी संविधान को देश के वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शक बताते हुए उसके प्रति सम्मान तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर दिया है। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। प्रधानमंत्री ने संविधान की भावना को प्रत्येक भारतीय की गरिमा और भारत की एकता से जोड़ते हुए अधिकारों के साथ कर्तव्यों के महत्व को भी रेखांकित किया है। 7 जून 2024 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की संसदीय दल की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान की प्रति के समक्ष नमन कर उसे अपने माथे से लगाया था। यह दृश्य संविधान के प्रति सम्मान की एक महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति के रूप में सामने आया। इसका संदेश स्पष्ट है कि लोकतंत्र में प्रत्येक पद की प्रतिष्ठा संविधान से आती है और उसके साथ जनता के प्रति जवाबदेही भी जुड़ी होती है।

संविधान का सम्मान केवल सार्वजनिक मंचों पर उसकी प्रति प्रदर्शित करने से नहीं होता। इसकी वास्तविक प्रतिष्ठा तब होती है, जब कमजोर और वंचित व्यक्ति को न्याय मिले, महिलाओं को समान अवसर प्राप्त हों, निर्बल नागरिक सुरक्षित महसूस करें और प्रत्येक भारतीय को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ने का अवसर मिले। आज आवश्यकता इस बात की है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दल संविधान के मूल आदर्शों को अपने आचरण में उतारें। नागरिक भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। इस संविधान गौरव दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे। सामाजिक सद्भाव को मजबूत करेंगे, भेदभाव और नफरत से दूर रहेंगे तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे।


Comments (0)

Leave a Comment