Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

कम्यूटर बाइक स्टार सिटी प्लस भारतीय बाजार में बंद

नई दिल्ली । अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक स्टार सिटी प्लस को टीवीएस मोटर ने भारतीय बाजार से बंद कर दिया है। कम कीमत, बेहतर माइलेज और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पहचानी जाने वाली यह बाइक उन ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय थी, जिन्हें कम खर्च में रोजाना आने-जाने के लिए एक भरोसेमंद मोटरसाइकिल की आवश्यकता थी। कंपनी ने इस मोटरसाइकिल को अपनी आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया है, जिसके साथ ही लगभग एक दशक से अधिक समय तक चला इसका सफर समाप्त हो गया है।

बंद होने से पहले इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 65,365 रुपये थी। जानकारों के अनुसार, टीवीएस स्टार सिटी प्लस को आखिरी बड़ा अपडेट पांच साल से भी पहले मिला था, जब इसे बीएस6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार किया गया था। इसके बाद कंपनी ने इस बाइक में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया, जबकि इस बीच कम्यूटर मोटरसाइकिलों के बाजार में नए मॉडल और अपडेटेड फीचर्स वाले विकल्प सामने आते रहे। दूसरी ओर, टीवीएस रेडियन भी इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित है और कंपनी के कम्यूटर बाइक खंड में इसी तरह के ग्राहकों को आकर्षित करती है।

 रेडियन की अपेक्षाकृत अधिक लोकप्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि कंपनी ने अपनी मोटरसाइकिलों की श्रृंखला को व्यवस्थित करने के लिए स्टार सिटी प्लस को हटाने का फैसला किया होगा। हालांकि, कंपनी की ओर से इसे बंद करने की विस्तृत आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। टीवीएस स्टार सिटी प्लस को वर्ष 2014 में भारतीय बाजार में पेश किया गया था। इसमें 109.7सीसी का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया था, जो 8.2 हॉर्सपावर की अधिकतम शक्ति और 8.7एनएम का टॉर्क पैदा करता था। इंजन के साथ चार-स्पीड गियरबॉक्स मिलता था। इसमें एलईडी हेडलैंप, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स उपलब्ध थे, तथा ड्रम और डिस्क ब्रेक वाले विकल्प भी मौजूद थे। 


Comments (0)

Leave a Comment