Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

सचिन के तूफानी अर्धशतक से तमिलनाडु की बड़ी जीत, बिहार को 99 रन से हराया

41 गेंदों में 83 रन की पारी खेलकर बने प्लेयर ऑफ द मैच; तमिलनाडु ने 238 रन का विशाल स्कोर बनाया, जवाब में बिहार की टीम 139 रन पर सिमटी 

इंदौर । सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मुकाबले में रविवार को तमिलनाडु ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बिहार को 99 रन से हरा दिया। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बिहार की टीम 15.5 ओवर में 139 रन पर सिमट गई।

तमिलनाडु की ओर से बालासुब्रमण्यम सचिन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 83 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अमित सात्विक ने भी 28 गेंदों में 53 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सी आंद्रे सिद्धार्थ ने 24 गेंदों में 34 और रितिक ईश्वरन ने 14 गेंदों में 31 रन बनाए। अंतिम ओवरों में तुषार रहेजा ने महज 3 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर टीम का स्कोर 238 तक पहुंचाया।

239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में आयुष लोहारुका का विकेट गंवा दिया। अशिष कुमार ने 16 गेंदों में 33 और अल्तमिश अशरफ ने 27 गेंदों में 45 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की। पीयूष सिंह ने भी 18 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन लगातार विकेट गिरने से बिहार की टीम दबाव से उबर नहीं सकी और 15.5 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। तमिलनाडु की ओर से साई किशोर और मणिमारन सिद्धार्थ ने 3-3 विकेट हासिल किए। आर राजकुमार ने 29 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि गुरजपनीत सिंह और अथिसयराज डेविडसन को एक-एक सफलता मिली।

 अंक तालिका में तमिलनाडु पांचवें, बिहार सातवें स्थान पर 

इस जीत के साथ तमिलनाडु के पांच मैचों में तीन जीत और दो हार से 12 अंक हो गए हैं। टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में $0.602 नेट रनरेट के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं बिहार पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के बाद 8 अंक लेकर सातवें स्थान पर है। सौराष्ट्र 16 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर बना हुआ है।


Comments (0)

Leave a Comment