Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

बीजेपी विधानसभा चुनाव में कई एमएलसी को मैदान में उतारने पर कर रही विचार

नई दिल्ली। 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व यूपी में अपने उम्मीदवारों के चयन का पूरा खाका बदलने जा रहा है। पार्टी इस बार अपने ज्यादातर विधान परिषद सदस्यों को सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने बताया कि बीजेपी आलाकमान ने अपने सभी एमएलसी को चुनाव की तैयारियों में जुटने और अपने-अपने प्रभाव वाले इलाकों में मजबूत जीत की संभावना वाली विधानसभा सीटों की पहचान शुरू करने का संदेश दे दिया है। 

रिपोर्ट के मुताबिक इस संभावित फैसले से यूपी के कई बड़े मंत्रियों और सांगठनिक दिग्गजों की सीधी विधानसभा चुनाव में एंट्री होने जा रही है। जिन प्रमुख एमएलसी को चुनावी मैदान में उतारे जाने की चर्चा है, उनमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, जलशक्ति मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हैं।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन अनुभवी नेताओं को सीधे जनता के बीच चुनावी मैदान में उतारने से राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह दोगुना होगा और उन क्षेत्रों में बीजेपी की स्थिति मजबूत होगी। बीजेपी का यह नया दांव केवल एमएलसी को मैदान में उतारने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी अपने मौजूदा विधायकों पर बड़े पैमाने पर गाज गिराने की तैयारी में है। जनता और कार्यकर्ताओं की नाराजगी से निपटने के लिए बीजेपी 2027 में अपने कई मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है। पार्टी आंतरिक सर्वे, क्षेत्रीय जातीय समीकरणों, जनप्रतिनिधि के रूप में प्रदर्शन और सांगठनिक फीडबैक के आधार पर ही अंतिम टिकट तय करेगी।

एमएलसी को टिकट देने से जहां अनुभवी सांगठनिक नेताओं को सीधे विधानसभा में लाया जा सकेगा, वहीं कमजोर सीटों पर नए और मजबूत चेहरों को मौका देने की गुंजाइश भी बनेगी। यूपी बीजेपी की राजनीति और राष्ट्रीय राजनीति का सबसे अहम गढ़ है। 2027 के चुनाव से काफी पहले आलाकमान की तरफ से एमएलसी को तैयारी में जुटने के निर्देश देना यह साफ दर्शाता है कि बीजेपी इस बार किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।


Comments (0)

Leave a Comment