Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

‘छोटी-छोटी बातों में कमी निकालने लगे हैं लोग’- लारा दत्ता

मुंबई । निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर भी यह शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये की कमाई के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। हालांकि, फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय के साथ-साथ उनके लुक और पहनावे को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है।

खासतौर पर अभिनेत्री साई पल्लवी के सीता और लारा दत्ता के कैकेयी वाले लुक पर कुछ दर्शकों ने सवाल उठाए हैं। अब कैकेयी का किरदार निभा रहीं लारा दत्ता ने इस आलोचना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। लारा दत्ता ने अपने एक साक्षात्कार में कहा कि उन्हें पता है कि फिल्म में कलाकारों के लिए खास तरह के कपड़े और लुक क्यों चुने गए हैं। उनके मुताबिक, यह बड़े स्तर पर बनाई जा रही फिल्म है और इसके निर्माण में कई पहलुओं का ध्यान रखना पड़ता है। ऐसे में पूरी फिल्म को देखने और उसकी कहानी को समझने के बजाय छोटी-छोटी बातों में कमियां निकालना उचित नहीं है। उन्होंने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी की सोच और उनके फैसलों पर भरोसा जताया।

दरअसल, फिल्म के ट्रेलर में लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में मरून रंग की साड़ी और हरे रंग के ब्लाउज में नजर आई थीं। उनके बालों की शैली और कम गहनों के इस्तेमाल को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठे थे। कुछ दर्शकों का कहना था कि उनका पहनावा और लुक पौराणिक काल के अनुरूप नहीं दिखाई देता। इसी तरह साई पल्लवी के सीता वाले लुक को लेकर भी दर्शकों के बीच चर्चा हुई थी। लारा ने अपने किरदार की वेशभूषा को लेकर निर्देशक नितेश तिवारी के साथ हुई शुरुआती बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान यह सवाल उठा था कि कैकेयी के गहने अयोध्या की अन्य रानियों कौशल्या और सुमित्रा से अलग क्यों नहीं होने चाहिए। कैकेयी केकय राज्य से आई थीं और उनके साथ स्त्रीधन भी आया होगा। इसलिए उनके आभूषणों और पहनावे में अलग पहचान दिखाने पर विचार किया गया था।

अभिनेत्री के अनुसार, फिल्म में मिथिला, अयोध्या और लंका की संस्कृति को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत करने के लिए विशेष कॉस्ट्यूम शैली तय की गई है। फिल्म के निर्माताओं ने इसी सोच के तहत कलाकारों की वेशभूषा तैयार की है। लारा का कहना है कि हर छोटी बात की बारीकी में जाने पर कई तरह के सवाल खड़े हो सकते हैं और इतिहास के जानकारों की अलग-अलग राय भी सामने आ सकती है। ऐसे में फिल्म के बड़े दृष्टिकोण को समझना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने निर्देशक और निर्माताओं की कल्पना के अनुसार अपना किरदार निभाया है।



Comments (0)

Leave a Comment