Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

दिल्ली में दमघोंटू हवा

कल रविवार को हल्की राहत के आसार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को जहरीली हवा से शुक्रवार को भी राहत नहीं मिली। इस सीजन में पहली बार दिल्ली के 16 स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जिसने दिल्लीवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। हवा की धीमी गति और स्मॉग की मोटी परत ने गुरुवार को दिन भर और शुक्रवार सुबह भी शहर को अपनी चपेट में रखा।

शुक्रवार सुबह आठ बजे दिल्ली का समग्र एक्यूआई 403 के खतरनाक स्तर पर था। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और हवा की रफ्तार में मामूली इजाफे से कुछ सुधार दिखा और शाम चार बजे तक सूचकांक 373 पर आ गया। लेकिन कई इलाके अभी भी बेहद गंभीर स्थिति में थे। आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 452 दर्ज किया गया, जो गंभीरतम श्रेणी (450 से ऊपर) में आता है। उत्तरी कैंपस (446), पूसा (437), नरेला (437), बुराड़ी क्रॉसिंग (433), पंजाबी बाग (431), कॉमनवेल्थ कॉम्प्लेक्स (428), चांदनी चौक (427), मथुरा रोड (421), आईटीओ (419), जेएनयू (413) और जहांगीरपुरी (409) जैसे कई रिहायशी और प्रमुख इलाकों में भी हवा दमघोंटू बनी रही।

पड़ोसी शहरों की बात करें तो शुक्रवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 368, ग्रेटर नोएडा में 348, गुरुग्राम में 324, नोएडा में 313 और फरीदाबाद में 298 दर्ज किया गया, जहां भी हवा की गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में रही। इस बीच, जहरीली हवा से जूझ रहे दिल्लीवासियों के लिए एक अच्छी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज रहने की संभावना है। इससे प्रदूषक कणों का फैलाव तेज होगा और लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। प्रदूषण के कारणों पर नजर डालें तो शुक्रवार को डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार, परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक 18.5 फीसदी रही।

इसके बाद आवासीय स्रोतों से 4.6 फीसदी, बाहरी उद्योगों से 3.7 फीसदी और निर्माण कार्यों से 2.5 फीसदी प्रदूषण हुआ। सड़क की धूल की हिस्सेदारी 1.3 फीसदी रही। वहीं, एनसीआर के शहरों में झज्जर की हिस्सेदारी 7.2 फीसदी और गुरुग्राम की हिस्सेदारी 5.4 फीसदी रही। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को बायोमास जलाना और द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल शहर के कुल वायु प्रदूषण के दो सबसे बड़े कारक रहे, जिनमें से प्रत्येक ने 25.4 फीसदी का योगदान दिया। वाहनों से निकलने वाला धुआं तीसरा सबसे बड़ा कारक था। द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल हवा में मौजूद बेहद छोटे ठोस कणों को कहते हैं। प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बीते दो सप्ताह (2 नवंबर से 13 नवंबर) के दौरान 12 हजार से अधिक चालान काटे गए हैं, जिनके तहत उल्लंघनकर्ताओं पर एक करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।



Comments (0)

Leave a Comment