Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

माँ के दूध में पारा और सब्जियों में माइक्रोप्लास्टिक करेंगे भावी पीढ़ी को तबाह?

कल तक जो प्लास्टिक हमारी सड़कों और कचरे के ढेरों पर था, आज वहीं प्लास्टिक सब्जियों और रसायन माँ के दूध तक पहुँच चुका है। 2026 की वैज्ञानिक रिपोर्ट्स चीख-चीख कर गवाही दे रही हैं कि इंसान ने अपनी सहूलियत के लिए जिस ‘प्लास्टिक युग’ को जन्म दिया था, अब वही प्लास्टिक हमारी आने वाली पीढ़ियों की साँसों और सेहत को लील रहा है। कल तक जो प्लास्टिक कचरे के ढेरों, नदियों और समुद्रों में तैर रहा था, आज वह अदृश्य होकर हमारी थाली की सब्जियों से होता हुआ खतरनाक रसायन के रूप में माँ के आंचल तक पहुँच चुका है। इसलिए आज सवाल यह है कि  माँ के दूध में पारा और सब्जियों में माइक्रोप्लास्टिक भावी पीढ़ी को गंभीर असाध्य रोगों से ग्रसित कर तबाह कर देंगे? साथ ही सुप्रीम कोर्ट के हर घर में गीला, सूखा, खतरनाक और सैनिटरी कचरा अलग-अलग रखने के नियम को सख्ती से लागू करने के निर्देशों का पालन होगा?

आज देश के सामने कचरा केवल गंदगी का नहीं, बल्कि शरीर और आने वाली पीढ़ियों के लिए धीमे ज़हर का रूप ले चुका है। यही कारण है कि सुप्रीम कोर्ट ने अब हर घर में गीला, सूखा, खतरनाक और सैनिटरी कचरा अलग-अलग रखने के नियम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं, जिसके सख्त पालन की जिम्मेदारी कलेक्टरों व वार्ड पार्षदों को सौपी गई है। क्योंकि प्लास्टिक और जहरीले कचरे का गलत निस्तारण अब मिट्टी, पानी, सब्जियों और इंसानी शरीर तक को प्रदूषित कर रहा है। बढ़ते माइक्रोप्लास्टिक का असर बीमारियों, हार्माेन गड़बड़ी और बच्चों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। भले ही भारत लगभग 60 प्रतिशत प्लास्टिक कचरा रिसाइकिल कर रहा हो, लेकिन जब तक हर नागरिक अपने घर से प्लास्टिक कम करने और कचरा अलग करने की जिम्मेदारी नहीं निभाएगा, तब तक यह संकट कम नहीं होगा। अब यह केवल सफाई का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बचाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सवाल बन चुका है।

18 मई 2026 को एक चौंकाने वाली रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि तरक्की की अंधी दौड़ ने माँ के अमृत जैसे दूध को भी सुरक्षित नहीं छोड़ा है। भोपाल में हुई 50 माताओं के दूध की लैब जांच में कुछ सैंपल्स के भीतर पारा (मर्करी) जैसा खतरनाक केमिकल मिला है, जो प्रदूषण या दूषित खान-पान के जरिए महिला के शरीर में जाकर उनके खून और वसा कोशिकाओं (फैट टिश्यूज) में जमा हो जाता है और बाद में दूध के रास्ते सीधे मासूम बच्चे के नाजुक दिमाग और नसों को नुकसान पहुँचाने पहुँच जाता है। इतना ही नहीं, बाजार के जंक फूड के कारण 70ः माताओं के दूध में सोडियम (नमक) का ओवरडोज मिला जो शिशुओं की कच्ची किडनियों के लिए खतरनाक है, जबकि 64ः सैंपल्स में हड्डियों के विकास के लिए जरूरी कैल्शियम की भारी कमी पाई गई। यही वजह है कि डॉक्टर अब आने वाली नस्लों को तबाही से बचाने के लिए गर्भावस्था और ब्रेस्टफीडिंग के दौरान पूरी तरह सुरक्षित और प्राकृतिक खान-पान अपनाने की सख्त सलाह दे रहे हैं।

इन रिपोर्टों और आंकड़ों को जान केवल चिंता व्यक्त न करें, बल्कि गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ अपनी जीवनशैली बदलें। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को माइक्रोप्लास्टिक और जहरीले प्रदूषण की गिरफ्त से बचाना है तो इसकी शुरुआत हर घर और हर नागरिक को स्वयं करनी होगी। बाजार जाते समय सदैव कपड़े की थैली साथ रखें ताकि प्लास्टिक बैग का प्रयोग कम हो, बच्चों को प्लास्टिक के बजाय स्टील के लंच बॉक्स और धातु की पानी की बोतलें दें, गर्म भोजन को कभी भी प्लास्टिक के डिब्बों में न रखें तथा रसोई में प्लास्टिक के बर्तनों के स्थान पर स्टील, पीतल, कांच या मिट्टी के बर्तनों का उपयोग बढ़ाएँ। पूजा सामग्री के चमकीले पाउच, माला, राख और दूषित जल को नदियों-तालाबों में विसर्जित करने की परंपरा पर भी पुनर्विचार करना होगा, क्योंकि यही प्रदूषण धीरे-धीरे जल, मिट्टी, फसलों और अंततः मानव शरीर तक पहुँचकर नई पीढ़ियों को बीमार बना रहा है। घरों में गीला, सूखा और खतरनाक कचरा अलग-अलग रखना अब केवल नियम नहीं, बल्कि भावी संतानों की सुरक्षा का दायित्व है। यदि आज भी समाज ने प्लास्टिक और प्रदूषण के खिलाफ कठोर अनुशासन नहीं अपनाया, तो आने वाला समय हमें कभी माफ नहीं करेगा, क्योंकि तब हमारी थालियों से लेकर माँ के दूध तक में जहर घुल चुका होगा और मानव सभ्यता स्वयं अपनी आने वाली नस्लों के विनाश की दोषी कहलाएगी।

Comments (0)

Leave a Comment