Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

नहीं लड़ेंगे चुनाव, सीधे सीएम की शपथ लेंगे -अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे। अखिलेश यादव ने दावा किया कि वे सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, क्योंकि उनके लिए यही शुभ है और वे वही काम करेंगे जो उनके लिए शुभ होगा। उन्होंने काशी की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में यह बात कही।

सपा प्रमुख ने अपने दावे के पीछे 2012 के उदाहरण का हवाला दिया। उन्होंने कहा, हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था बताओ? लोकसभा से३ तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा। गौरतलब है कि 2012 में जब अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कन्नौज से लोकसभा सांसद थे और बाद में उन्होंने अपनी लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वाराणसी में अखिलेश यादव ने योगी सरकार और भाजपा पर तीखे हमले भी बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाने की कोशिश की थी, लेकिन बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से सफलता नहीं मिली। उन्होंने दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का मुद्दा उठाया और कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बनेगा। सपा मुखिया ने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में अपने 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है, जो उसकी अंदरूनी कमजोरी को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था, उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया है। अखिलेश ने भाजपा पर मणिकर्णिका घाट की विरासत को मिटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिल चुका है। अखिलेश यादव ने भाजपा को असली अराजक करार देते हुए उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ते द्वारा नोचे जाने जैसी हृदयविदारक घटना का उल्लेख किया, जिसे उन्होंने असंवेदनशील बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जब सत्ता से जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा, और समाजवादी सरकार आने पर वाराणसी में मेट्रो बनाने का काम शुरू होगा। सपा प्रमुख ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि नकली सनातनियों के ऐसे बयानों से लोग दुखी हैं और ऐसे लोगों को रोका जाना चाहिए, जो सनातन धर्म की छवि को धूमिल कर रहे हैं।


Comments (0)

Leave a Comment