Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

पंजाब में दूध के दाम बढ़ने के आसार, डेयरी किसानों ने दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

खरीद मूल्य में 4 रुपये प्रति किलो बढ़ोतरी की मांग, बढ़ती लागत और सरकारी सहायता नहीं मिलने से नाराज किसान

नई दिल्ली। पंजाब में आने वाले दिनों में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राज्य के डेयरी किसानों ने दूध की खरीद कीमत में तत्काल 4 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर किसानों ने राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रोग्रेसिव डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (पीडीएफए) ने बढ़ती उत्पादन लागत का हवाला देते हुए पंजाब सरकार को ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन का कहना है कि पशुओं के चारे और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे डेयरी व्यवसाय चलाना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

पशु आहार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी

डेयरी किसानों के मुताबिक, मक्का की कीमत 2,100 रुपये से बढ़कर 3,300 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। इसके अलावा सोयाबीन मील और सरसों की खली जैसी जरूरी चीजें भी महंगी हुई हैं। पशुओं के रखरखाव और दूध उत्पादन पर खर्च बढ़ने के बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।

खुदरा कीमतें बढ़ीं, किसानों को फायदा नहीं

पीडीएफए का आरोप है कि मिल्कफेड और निजी कंपनियों ने खुदरा बाजार में दूध की कीमतों में 4 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है, लेकिन इसका लाभ दूध उत्पादक किसानों तक नहीं पहुंचा। एसोसिएशन ने मांग की है कि बढ़ती लागत को देखते हुए किसानों को मिलने वाले खरीद मूल्य में कम से कम 4 रुपये प्रति किलोग्राम की तत्काल वृद्धि की जाए।

दूसरे राज्यों में मिल रही सब्सिडी का दिया हवाला

एसोसिएशन ने पंजाब की तुलना दूसरे राज्यों से करते हुए कहा कि कर्नाटक, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में डेयरी किसानों को क्रमशः 7, 5 और 6 रुपये प्रति किलोग्राम तक की सब्सिडी दी जा रही है। वहीं, पंजाब में किसानों को ऐसी कोई वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है।

ब्रीडिंग पॉलिसी रद्द करने की भी मांग

डेयरी किसानों ने खरीद मूल्य बढ़ाने के साथ पंजाब की मौजूदा ब्रीडिंग पॉलिसी को रद्द करने की मांग भी उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस नीति के कुछ प्रावधान नस्ल सुधार और डेयरी फार्मों के संचालन में बाधा पैदा कर रहे हैं। किसानों ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो वे राज्यभर में आंदोलन शुरू करेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब में दूध की खरीद कीमतों के साथ खुदरा कीमतों पर भी असर पड़ने की संभावना है।


Comments (0)

Leave a Comment