Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

पुणे में इंजीनियर प्रेमिका की बेरहमी से हत्या

पुणे । महाराष्ट्र के पुणे में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना पुणे के प्रमुख आईटी हब हिंजवड़ी इलाके की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और पिछले साढ़े तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। परिवारों की सहमति से दोनों की शादी की तैयारी भी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 27 वर्षीय कोमल डहाले के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के वर्धा जिले की रहने वाली थीं और विप्रो कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है और इन्फोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता है। दोनों की मुलाकात नौकरी के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे उनके बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।

तीन साल पुराने रिश्ते का खौफनाक अंत

बताया जा रहा है कि कोमल और शुभम पिछले करीब साढ़े तीन साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। दोनों के परिवारों को भी उनके संबंधों की जानकारी थी और शादी को लेकर सहमति बन चुकी थी। हालांकि, पिछले दो से तीन महीनों से उनके बीच लगातार विवाद हो रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोमल को शुभम पर धोखा देने और किसी अन्य महिला से संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।

होटल में डिनर के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, रविवार रात कोमल और शुभम एक होटल में खाना खाने गए थे। इसके बाद दोनों हिंजवड़ी थाना क्षेत्र की सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी पहुंचे, जहां कोमल रहती थीं। रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ती चली गई और तड़के करीब तीन बजे मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में शुभम ने कोमल पर मुक्कों और लातों से कई बार हमला किया। इस हमले में उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।

खुद पुलिस को किया फोन, फिर हिरासत में लिया गया

वारदात के बाद आरोपी ने सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान ही पुलिस को शुभम की भूमिका पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों, विवाद की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगा रही है।जिस रिश्ते की शुरुआत साथ जीने और शादी करने के सपनों के साथ हुई थी, उसका अंत इतनी दर्दनाक घटना में होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।


Comments (0)

Leave a Comment