Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अमीरों का नया स्टेटस सिंबल बना करोडों में बिकने वाला नीला तोता

लंदन । विदेशों में पाया जाने वाला दुर्लभ नीला तोता हायसिंथ मकाऊ अमीरों को नया स्टेटस सिंबल बन चुका है। इस तोते को दुनिया का सबसे महंगा तोता माना जाता है। यह विदेशी पक्षी अपनी शानदार खूबसूरती, विशाल आकार और दुर्लभता के कारण करोड़ों रुपये में बिकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1.2 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है, जबकि भारत में भी इसकी कीमत 12 से 15 लाख रुपये तक बताई जाती है। यही वजह है कि अमीर वर्ग और विदेशी पक्षियों के शौकीन लोग इसे अपनी शान और स्टेटस सिंबल के तौर पर पालना पसंद करते हैं। हायसिंथ मकाऊ अपनी अनोखी बनावट और आकर्षक रंग के कारण लोगों का ध्यान तुरंत खींच लेता है। इसका पूरा शरीर गहरे नीले रंग से ढका होता है, जिसकी वजह से इसे “ब्लू डायमंड बर्ड” भी कहा जाता है।

इसकी आंखों और चोंच के आसपास बना पीला घेरा इसकी सुंदरता को और खास बना देता है। यह तोता करीब तीन फीट लंबा हो सकता है और इसे दुनिया का सबसे बड़ा उड़ने वाला तोता माना जाता है। यह पक्षी केवल खूबसूरत ही नहीं बल्कि बेहद ताकतवर भी होता है। इसकी चोंच इतनी मजबूत होती है कि यह आसानी से कठोर नारियल तक तोड़ सकता है। इसके भोजन में मुख्य रूप से बीज, फल, नट्स और नारियल शामिल होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इसकी देखभाल बेहद कठिन और खर्चीली होती है, इसलिए इसे पालना हर किसी के बस की बात नहीं है। हायसिंथ मकाऊ की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी उम्र और बुद्धिमत्ता है। यह 50 से 80 साल तक जीवित रह सकता है। यही कारण है कि इसे खरीदने वाले लोग इसे परिवार के सदस्य की तरह रखते हैं। यह तोता कुछ शब्द बोलना भी सीख सकता है और अपने मालिक से भावनात्मक जुड़ाव बना लेता है। इसकी दुर्लभता, शानदार रंग, ऊंची बुद्धिमत्ता और लंबी उम्र ही इसे दुनिया के सबसे महंगे और खास पक्षियों में शामिल करती है। यह दुर्लभ तोता मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिका के ब्राजील, बोलिविया और पैराग्वे के जंगलों में पाया जाता है। लगातार घटते प्राकृतिक आवास और अवैध तस्करी के कारण इसकी संख्या तेजी से कम हो रही है। इसी वजह से इसे अंतरराष्ट्रीय संरक्षण सूची में शामिल किया गया है। 

Comments (0)

Leave a Comment