Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

बच्चों में तनाव की अनदेखी न करें, समय पर करें सहायता

आज की तेज-तर्रार जिंदगी और लगातार बढ़ते दबाव के बीच बच्चे भी तनाव का शिकार हो रहे हैं। पढ़ाई का बोझ, प्रतियोगिता का दबाव, पारिवारिक कलह या आसपास की नकारात्मक घटनाएं उनके कोमल मन पर गहरा असर डाल सकती हैं। अक्सर बच्चे अपने तनाव को चुपचाप सहते रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञ बताते हैं कि इन अनदेखे लक्षणों को समय रहते पहचानना बेहद ज़रूरी है ताकि सही मदद पहुंचाई जा सके।

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के अनुसार, बच्चों में तनाव के लक्षण उनकी उम्र के साथ बदलते रहते हैं। इन लक्षणों को समझना माता-पिता और देखभाल करने वालों के लिए महत्वपूर्ण है ताकि वे अपने बच्चों को सही समय पर सहारा दे सकें। 0 से 3 साल के बच्चों में तनाव होने पर वे देखभाल करने वालों से ज्यादा चिपक सकते हैं, बिस्तर गीला करना या अंगूठा चूसना जैसे पुराने व्यवहारों पर लौट सकते हैं। इसके अलावा, उनके सोने-खाने के पैटर्न में बदलाव, ज्यादा चिड़चिड़ापन, लगातार रोना, चंचलता में वृद्धि और छोटी-छोटी चीजों से डरना भी आम लक्षण हैं।

4 से 6 साल के बच्चे भी तनावग्रस्त होने पर बड़ों से चिपके रहते हैं, पुराने व्यवहारों को दोहराते हैं, सोने-खाने में गड़बड़ी दिखाते हैं और उनका ध्यान नहीं लगता। ऐसे बच्चे खेलना बंद कर सकते हैं, कम बोल सकते हैं या असामान्य रूप से बेचौन रह सकते हैं। 7 से 12 साल के किशोरों में अकेले रहना पसंद करना, दूसरों पर पड़ने वाले असर को लेकर बार-बार चिंता करना, सोने-खाने में बदलाव, लगातार डरना, गुस्सा बढ़ना, याददाश्त कम होना और शारीरिक दर्द जैसे सिरदर्द या पेट दर्द होना सामान्य संकेत हैं।

13 से 17 साल के युवाओं में गहरे दुख, अपराधबोध, शर्मिंदगी की भावनाएं, माता-पिता की बात न मानना, जोखिम भरे काम करना, खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश या गहरी निराशा जैसे लक्षण दिख सकते हैं। सभी उम्र के बच्चों में कुछ शारीरिक लक्षण भी तनाव का संकेत हो सकते हैं, जैसे थकान, सीने में जकड़न, सांस लेने में तकलीफ, मुंह सूखना, पेट दर्द, सिरदर्द, कांपना और शरीर में लगातार दर्द। हालांकि, इन लक्षणों के पीछे कोई शारीरिक बीमारी भी हो सकती है, इसलिए डॉक्टर से जांच करवाना हमेशा उचित होता है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि कुछ लक्षण बेहद गंभीर होते हैं और उन पर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता होती है। इनमें पूरी तरह से अलग-थलग रहना, बोलना बंद कर देना, लगातार कांपना, आक्रामक व्यवहार, खुद को या दूसरों को चोट पहुंचाने की कोशिश करना और भ्रमित रहना शामिल हैं। ऐसे में बिना देर किए पेशेवर सहायता लेनी चाहिए।

तनावग्रस्त बच्चों की मदद के लिए विशेषज्ञ भावनात्मक चेक-इन की सलाह देते हैं। बच्चों से सीधे उनकी भावनाओं के बारे में पूछें या उन्हें चित्र बनाने के लिए प्रोत्साहित करें। चित्रों के माध्यम से बच्चे अपनी भावनाओं को आसानी से व्यक्त कर पाते हैं। तनाव कम करने वाली कुछ आसान गतिविधियां भी बच्चों के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। इसके अलावा, बच्चों को तनाव से निपटने के लिए प्यार, समय और ध्यान देना बेहद आवश्यक है। नियमित खेलकूद, पर्याप्त नींद और संतुलित भोजन भी उनके मानसिक स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 




Comments (0)

Leave a Comment