Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

गोवर्धन पूजा और पड़वा का पर्व

 भारतीय संस्कृति पर्वाे की संस्कृति है।दीपावली के पांच पर्वाे में गोर्वधन पूजा पर्व प्रकृति सरंक्षण का संदेश तो देता ही है।लेकिन इस दिन से नए साल की शुरुआत का प्रथम सोपान भी है। दीपावली के उल्लास और प्रकाश के बाद आने वाली कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा अर्थात् पड़वा भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखती है। यह दिन नई शुरुआत, मंगलकामना, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। गुजराती परंपरा में इसी दिन से नववर्ष का शुभारंभ होता है। घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना, अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के आयोजन होते हैं। दीपावली जहां अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश देती है, वहीं पड़वा का पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की खुशहाली और जीवन में नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

भारतीय संस्कृति में पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं होते, बल्कि उनके पीछे जीवन को दिशा देने वाले गहरे विचार भी समाहित रहते हैं। गोवर्धन पूजा इसका सुंदर उदाहरण है। भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत से जुड़ी पौराणिक कथा हमें प्रकृति की महत्ता और मनुष्य के कर्तव्यों का बोध कराती है। मान्यता के अनुसार द्वापर युग में गोकुलवासी वर्षा और कृषि की समृद्धि के लिए इंद्रदेव की पूजा करते थे। बालक श्रीकृष्ण ने लोगों को समझाया कि जीवन का वास्तविक आधार प्रकृति है। पर्वत, वन, धरती, जल और पशुधन मानव जीवन के अभिन्न अंग हैं। इनका संरक्षण और सम्मान करना प्रत्येक मनुष्य का दायित्व है। श्रीकृष्ण ने गोकुलवासियों को गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की प्रेरणा दी। इससे इंद्रदेव नाराज हो गए और उन्होंने गोकुल में लगातार मूसलाधार वर्षा कर दी। चारों ओर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई। तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर उठाकर समस्त गोकुलवासियों और गायों को उसके नीचे सुरक्षित आश्रय प्रदान किया। सात दिनों तक वर्षा होती रही, लेकिन गोवर्धन की शरण में आए लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। अंततः इंद्रदेव को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी।

इस कथा का संदेश केवल चमत्कार तक सीमित नहीं है। इसमें प्रकृति की उपयोगिता और उसके संरक्षण का महान विचार छिपा है। पर्वत वर्षा के जल को संचित करने, वनस्पतियों को आश्रय देने और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गाय और अन्य पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था के आधार हैं। भारतीय परंपरा ने प्रकृति के इन सभी उपकारों को सम्मान देने के लिए गोवर्धन पूजा की परंपरा विकसित की। आज जब पर्यावरण असंतुलन, जल संकट, जंगलों की कटाई और प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, तब इस पर्व की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है।

गोवर्धन पूजा के दिन घरों के आंगन में गोबर से पर्वत का प्रतीक बनाकर उसकी पूजा की जाती है। गायों और पशुधन को सजाया जाता है तथा उनकी सेवा और आरती की जाती है। मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव आयोजित होता है। अनेक प्रकार के पकवान और व्यंजन भगवान को अर्पित किए जाते हैं। अन्नकूट का भाव यह है कि अन्न प्रकृति का अमूल्य उपहार है। किसान अपनी मेहनत, धरती की उर्वरता, जल और अनुकूल मौसम के सहयोग से अन्न पैदा करता है। इसलिए अन्न का सम्मान करना और उसका अपव्यय रोकना भी इस पर्व की महत्वपूर्ण सीख है। पड़वा का पर्व समाज में कर्तव्य और जिम्मेदारी का भी स्मरण कराता है। श्रीकृष्ण की गोवर्धन कथा में इंद्रदेव को यह समझाया गया कि वर्षा करना और प्रजा का संरक्षण करना उनका दायित्व है। किसी पद पर बैठा व्यक्ति जब अपने कर्तव्य को एहसान समझने लगता है और बदले में प्रशंसा या सम्मान की अपेक्षा करता है, तब वह अपने दायित्व का वास्तविक अर्थ भूल जाता है। शासन और प्रशासन से लेकर सामाजिक संस्थाओं तक प्रत्येक जिम्मेदार व्यक्ति का पहला धर्म जनहित में काम करना है। सेवा को उपकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी मानना चाहिए।

इस पर्व का एक महत्वपूर्ण पक्ष गुजराती नववर्ष भी है। दीपावली के बाद पड़वा पर व्यापारी अपने नए बहीखाते प्रारंभ करते हैं। घरों में शुभकामनाओं का आदान-प्रदान होता है। परिवार के सदस्य एक-दूसरे से मिलकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। पुराने मतभेद भुलाकर नए संबंधों की शुरुआत करने का यह अवसर है। नववर्ष केवल कैलेंडर बदलने का नाम नहीं, बल्कि अपनी सोच, व्यवहार और कार्यशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प भी होना चाहिए।  आज आवश्यकता है कि गोवर्धन पूजा को केवल परंपरागत आयोजन तक सीमित नही रखा जाए।  जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पशुधन की देखभाल, अन्न की बचत और पर्यावरण की स्वच्छता को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाया जाए। समाज में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले लोगों का सम्मान हो और प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्व को ईमानदारी से निभाए।

वास्तव में पड़वा और गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने, अन्न का सम्मान करने, पशुधन की रक्षा करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश देते हैं। नए वर्ष का स्वागत तभी सार्थक होगा, जब हम पुराने दोषों को पीछे छोड़कर सेवा, सद्भाव, परिश्रम और सकारात्मकता के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। यही गोवर्धन पूजा और पड़वा के पर्व की वास्तविक भावना है।



Comments (0)

Leave a Comment