Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

ट्रेन में भोजन ऑर्डर करते समय रहें सावधान, आईआरसीटीसी से चेताया

नई दिल्ली। लंबी दूरी की ट्रेन यात्राओं में अपनी सीट पर गर्मागर्म भोजन का आनंद लेना अब एक सामान्य सुविधा बन गई है, लेकिन इस सुविधा का लाभ उठाते समय यात्रियों को विशेष सावधानी बरती चाहिए। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने ऐसे 14 अनाधिकृत वेबसाइटों से दूर रहने की चेतावनी जारी की है, जो यात्रियों को स्वास्थ्य जोखिम, ऑनलाइन धोखाधड़ी और व्यक्तिगत डेटा चोरी के खतरे में डाल सकती हैं। यह चेतावनी उन यात्रियों के लिए है जो यात्रा के दौरान भोजन के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खाना मांगते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आईआरसीटीसी ने स्पष्ट किया है कि ये अनाधिकृत प्लेटफॉर्म अक्सर ऐसे रेस्टोरेंट से भोजन उपलब्ध कराते हैं जिनके पास न तो जरुरी खाद्य लाइसेंस होते हैं और न ही साफ-सफाई के मानकों का ध्यान रखा जाता है। इससे न केवल खराब गुणवत्ता वाला, बल्कि दूषित भोजन मिलने का खतरा रहता है, जो यात्रियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालते हैं। स्वास्थ्य जोखिमों के अलावा, इन वेबसाइटों के जरिए ऑर्डर करने पर ऑनलाइन ठगी और संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी जैसे बैंक खाते का विवरण चोरी होने का भी पूरा अंदेशा रहता है। कई बार ऐसा भी होता है कि यात्री भुगतान कर देते हैं, लेकिन खाना तय समय पर नहीं मिलता या डिलीवर नहीं होता, जिससे उनके पैसे भी डूब जाते हैं।

आईआरसीटीसी ने जिन 14 वेबसाइटों से दूर रहने की सलाह दी है, उनमें रेलरेस्ट्रो.कॉम, रेलरेस्ट्रो.इन, रेलमित्र.कॉम, ट्रैवलखाना.कॉम, ट्रेंसकैफे.कॉम, डिबरेल.कॉम, रेलफूड.नेट, ट्रैवलरफूड.कॉम, फूडऑनट्रैक.इन, ईकैटरिंग.ऐप, खानाऑनलाइन.इन, ट्रेनवे.इन, रेलमील.कॉम और ट्रेनमेनू.कॉम शामिल हैं। निगम ने यह भी सचेत किया है कि यह सूची केवल कुछ ही अनाधिकृत ऑपरेटरों की है और ऐसे अन्य गैर-मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म भी बाजार में हो सकते हैं, इसलिए यात्रियों को हर नई वेबसाइट से खाना ऑर्डर करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए और उनकी प्रमाणिकता की जांच करनी चाहिए।

आईआरसीटीसी ने जोमैटो, स्विगी, ज़ूप, रेल यात्री, रेल रेसिपी, यात्रीभोजन, यात्रीरेस्ट्रो, गर्ग राजधानी, होमबाइट्स, ओएलएफ, रेलफूड, गोफूडीऑनलाइन, राजभोग, ब्रदरबाइट, हैप्पी जर्नी और स्वाद एक्सप्रेस जैसे कई अधिकृत फूड एग्रीगेटर्स को भी मान्यता दी है, जिनसे भोजन मंगवाना सुरक्षित माना गया है। यदि किसी यात्री को रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई अनाधिकृत फूड डिलीवरी वेंडर दिखाई देता है, तो उसकी शिकायत तुरंत आरपीएफ से करनी चाहिए। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 182 पर कॉल किया जा सकता है, ताकि ऐसे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा तय हो सके।


Comments (0)

Leave a Comment