Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

पूर्व सीबीआई प्रमुख की पार्टी यूपी चुनाव में सभी सीटों पर लड़ेगी

लखनऊ। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व प्रमुख एम. नागेश्वर राव के नेतृत्व वाली सर्वजन सनातन पार्टी (एसएसपी) ने उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके लिए संभावित प्रत्याशियों से आवेदन मांगे जा रहे हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के पहले चरण की शुरुआत कर दी है। हैदराबाद निवासी सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एम. नागेश्वर राव, जो लगभग एक महीने पहले काशी में गंगा तट पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए थे, ने सोशल मीडिया पर इस जानकारी को साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक आवेदन के जरिए उम्मीदवारों की शुरुआती छंटनी की जाएगी। इसमें उपयुक्त पाए जाने वाले आवेदकों से दूसरे चरण में विस्तृत जानकारी और आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे।

राव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लोगों से आवेदन आमंत्रित करते हुए लिखा, सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में भावी प्रत्याशियों के चयन हेतु प्रथम चरण की प्रक्रिया प्रारम्भ कर रही है। इच्छुक एवं योग्य व्यक्तियों से ऑनलाइन प्रारम्भिक आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों के लिए कुछ पात्रता और शर्तें भी निर्धारित की हैं। इसके मुताबिक, आवेदक को सर्वजन सनातन पार्टी की विचारधारा, मूल उद्देश्यों और नीतियों में विश्वास रखना चाहिए तथा उनके अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। आवेदन करने वाले व्यक्ति का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है, साथ ही उसका नाम उत्तर प्रदेश के किसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हो। नामांकन पत्रों की जांच की तारीख तक उम्मीदवार की उम्र कम से कम 25 साल होनी चाहिए, और उसे आवेदन पत्र में मांगे गए सभी विवरण सही-सही प्रस्तुत करने होंगे।

इससे पहले लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में राव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि हिंदुओं को अक्सर यह कहकर राजनीतिक विकल्प से वंचित किया जाता है कि भाजपा को वोट नहीं देने पर वे किसे चुनेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल का हिंदू मतों पर एकाधिकार नहीं है, और सनातन में आस्था रखने का अर्थ किसी एक दल की राजनीतिक अधीनता स्वीकार करना नहीं है। पूर्व सीबीआई प्रमुख ने भाजपा पर छद्म हिंदुत्व और जातिगत विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है, जो सभ्यतागत पहचान को आधुनिक विकास, न्याय और जनकल्याण से जोड़े। ससपा का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सनातन मूल्यों, संवैधानिक लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और जवाबदेह शासन पर आधारित भारत का पुनर्निर्माण करना है।

Comments (0)

Leave a Comment