Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

क्वालकॉम ने की भारत में कर्मचारियों की छंटनी शुरू, 1,000 कर्मचारियों पर असर

नई दिल्ली। अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी क्वालकॉम ने वैश्विक स्तर पर कर्मचारियों की संख्या में कटौती के अपने व्यापक कार्यक्रम के तहत भारत में भी कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रक्रिया से करीब 1,000 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं, जो देश में कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 5-6 फीसदी है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि छंटनी की शुरुआत क्वालकॉम के बेंगलुरु स्थित कार्यालय से हुई। इससे मुख्य रूप से वरिष्ठ इंजीनियर और कई सालों का अनुभव रखने वाले कर्मचारियों पर असर पड़ा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आने वाले दिनों में इस पुनर्गठन का असर हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई स्थित कंपनी के इंजीनियरिंग एवं रिसर्च केंद्रों पर भी पड़ सकता है। प्रभावित कर्मचारियों को तीन महीने के वेतन के बराबर सेवरेंस पे दिया गया है। इसके अलावा, उनकी कंपनी में सेवा अवधि के आधार पर अतिरिक्त मुआवजा भी दिया गया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि जो कर्मचारी तीन दिनों के अंदर अपने एग्जिट दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देंगे, उन्हें प्रोत्साहन के तौर पर एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने की पेशकश भी की गई है। हालांकि, क्वालकॉम ने सेवरेंस पे से जुड़ी इन व्यवस्थाओं की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।  रिपोर्ट के मुताबिक क्वालकॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने 20 अक्टूबर को वैश्विक स्तर पर कर्मचारियों के पुनर्गठन की घोषणा की थी। कंपनी अपनी वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा प्रक्रिया के बाद कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने जा रही है। कंपनी ने इस प्रक्रिया को प्रदर्शन पर केंद्रित बताते हुए कहा था कि इसका उद्देश्य जवाबदेही मजबूत करना और बदलती कारोबारी प्राथमिकताओं के अनुरूप कर्मचारियों की संख्या और कार्यबल को व्यवस्थित करना है।


रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्मचारियों का चयन उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन मूल्यांकन, टीम के स्तर पर आकलन और वरिष्ठ प्रबंधन की राय के आधार पर किया जा सकता है। इसमें अमेरिका स्थित कंपनी के कारोबारी नेतृत्व की राय भी शामिल हो सकती है। कर्मचारियों ने रेडियो फ्रीक्वेंसी, ब्लूटूथ, वाई-फाई और ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम इंजीनियरिंग टीमों में भी संभावित कटौती की जानकारी दी है। क्वालकॉम के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान देने वाला वैश्विक स्मार्टफोन बाजार दबाव में है। इसके चलते कंपनी एआई, ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा सेंटर से जुड़े सेमीकंडक्टर कारोबार में विविधता लाने की कोशिश कर रही है। वर्ष 2026 में वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों में छंटनी की रफ्तार तेज हो रही है। पहली तिमाही में ही 80,000 से ज्यादा नौकरियां खत्म की जा चुकी हैं और इस साल कुल छंटनी का आंकड़ा 3 लाख से ज्यादा हो सकता है। इस छंटनी में ओरेकल, अमेजन और मेटा जैसी कंपनियां आगे हैं।


Comments (0)

Leave a Comment