Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

पीएम मोदी 16 को जाएंगे फिलीपींस, क्वाड सम्मेलन में होंगे शामिल, जुटेंगे कई दिग्गज

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी 16 नवंबर से फिलीपींस के दौरे पर जा रहे हैं। मनीला में होने वाला क्वाड लीडर्स सम्मेलन इस यात्रा का मुख्य आकर्षण होगा। करीब दो साल बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता एक मंच पर जुट रहे हैं, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों के बीच रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। यह बैठक पीएम मोदी के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में होगी। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सम्मेलन में दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों, समुद्री सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब फिलीपींस 2026 में आसियान की अध्यक्षता कर रहा है। यह भारत के लिए अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ रणनीतिक तालमेल मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी कूटनीतिक सक्रियता को नई धार देने का अवसर होगा। जानकारों के मुताबिक यह बैठक भारत के सुरक्षा हितों के साथ-साथ आर्थिक और तकनीकी भविष्य के लिए भी अहम है।

बता दें क्वाड का जोर सैन्य गठबंधन बनाने के बजाय सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता पर रहा है। भारत के लिए हिंद महासागर से लेकर पश्चिमी प्रशांत तक समुद्री रास्तों की सुरक्षा रणनीतिक रूप से अहम है। क्वाड का एजेंडा अब केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है; इसमें तकनीक, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित सप्लाई चेन जैसे मुद्दे भी शामिल हैं, जो मेक इन इंडिया और घरेलू विनिर्माण के लिए अहम हैं। इस यात्रा के दौरान भारत और फिलीपींस के द्विपक्षीय संबंधों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे भारत की एक्ट ईस्ट नीति को और बल मिलेगा। 

जानकारों के मुताबिक मनीला में क्वाड सम्मेलन के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन के शेनझेन जाने और राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात का कार्यक्रम भी चर्चा में है। ऐसे में इस क्वाड बैठक से निकलने वाले संदेश पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। चीन के साथ ट्रंप की संभावित बातचीत से पहले इस सम्मेलन का कूटनीतिक महत्व और भी बढ़ जाता है।



Comments (0)

Leave a Comment