Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

ओवैसी-चंद्रशेखर की दोस्ती से यूपी की सियासत में नए समीकरणों की आहट

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन से सपा के पीडीए और बसपा के दलित-मुस्लिम आधार को चुनौती, 2027 में त्रिकोणीय मुकाबले की बन सकती है जमीन

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक दोस्ती ने प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों की संभावनाएं पैदा कर दी हैं। दोनों नेताओं ने लखनऊ में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने और सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर इस गठबंधन के राजनीतिक इरादे भी स्पष्ट कर दिए हैं। हालांकि, इस मोर्चे की वास्तविक चुनौती चुनाव में सीटें जीतने से ज्यादा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की होगी।

गठबंधन का सीधा निशाना उन सामाजिक वर्गों पर है, जिन्हें समाजवादी पार्टी अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण का आधार मानती है और बसपा लंबे समय से अपना परंपरागत वोटबैंक समझती रही है। प्रदेश की करीब 143 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम और लगभग 100 से 150 सीटों पर दलित मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वांचल तक इस गठबंधन की सक्रियता सपा और बसपा दोनों के लिए चुनौती बन सकती है। 

इस मोर्चे का सबसे तत्काल राजनीतिक दबाव मायावती की बसपा पर दिखाई देता है। चंद्रशेखर आजाद का उभार बसपा के परंपरागत जाटव आधार में सेंध लगाने के संकेत दे चुका है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर ने नगीना सीट पर 51.19 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि बसपा महज 1.33 प्रतिशत वोटों पर सिमट गई। नवंबर 2024 के विधानसभा उपचुनाव में भी मीरापुर और कुंदरकी में आजाद समाज पार्टी तथा एआईएमआईएम ने बसपा को काफी पीछे छोड़ दिया था। मीरापुर में दोनों दलों के उम्मीदवारों को कुल 41 हजार से अधिक वोट मिले, जबकि बसपा प्रत्याशी को केवल 3,248 वोट मिले।

दूसरी ओर, अखिलेश यादव के लिए भी यह गठबंधन कम चिंता का विषय नहीं है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बड़े हिस्से ने सपा-कांग्रेस गठबंधन का समर्थन किया था, जिससे सपा को उल्लेखनीय सफलता मिली। अब ओवैसी की मुस्लिम मतदाताओं के बीच सक्रियता और चंद्रशेखर की दलित युवाओं में बढ़ती स्वीकार्यता पीडीए के वोटों को प्रभावित कर सकती है। मीरापुर उपचुनाव इसका उदाहरण है, जहां दोनों दलों के संयुक्त वोट सपा की हार के अंतर से अधिक थे। हालांकि, गठबंधन के सामने कई चुनौतियां भी हैं। ओवैसी को उत्तर प्रदेश में अब तक मुस्लिम मतदाताओं का व्यापक समर्थन नहीं मिल पाया है। वहीं, चंद्रशेखर का प्रभाव भी अभी कुछ क्षेत्रों तक सीमित है। दोनों के बीच सीटों के बंटवारे, संगठनात्मक तालमेल और साझा राजनीतिक एजेंडे को लेकर भी परीक्षा होगी।


Comments (0)

Leave a Comment