Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

मेरठ-सहारनपुर के बाद अब मथुरा का दौरा करेंगे बीजेपी अध्यक्ष, तारीख अभी तय नहीं

लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी ने संगठन को क्षेत्रवार मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मेरठ-सहारनपुर दौरे के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संभावित रूप से मथुरा में दो दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम है। सूत्रों के मुताबिक यह दौरा अक्टूबर के पहले सप्ताह में हो सकता है, हालांकि कार्यक्रम की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है। 

बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में दो-दिवसीय प्रवास के जरिए संगठन और चुनावी तैयारियों की जमीनी स्थिति जानने का क्रम शुरू किया है। मेरठ और सहारनपुर के बाद अब ब्रज क्षेत्र के मथुरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान उनके प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सीएम योगी आदित्यनाथ और संगठनमंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि मथुरा में दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नबीन स्थानीय सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेंगे। इसके अलावा बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से मिलने वाली प्रतिक्रिया को भी बैठक में अहमियत दी जाएगी।

बीजेपी नेतृत्व का फोकस केवल चुनावी रणनीति बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि संगठन की जमीनी मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बेहतर करने पर भी है। इसी क्रम में नबीन अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं। इससे पहले नितिन नबीन ने 21 और 22 सितंबर को मेरठ और सहारनपुर का दो दिवसीय दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा की और पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद किया था। सहारनपुर में उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। पश्चिमी यूपी के बाद मथुरा में संभावित दो दिवसीय प्रवास को भी इसी संगठनात्मक अभियान की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी का जोर विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करने पर है।


Comments (0)

Leave a Comment