Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

न्याय में देरी लोकतंत्र के विश्वास पर सबसे बड़ी चोट

न्याय केवल न्यायालयों में होने वाली कानूनी प्रक्रिया का नाम नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता, नागरिकों के अधिकारों और संविधान की आत्मा से जुड़ा हुआ विषय है। किसी भी सभ्य समाज में न्याय का वास्तविक महत्व तभी है, जब वह समय पर और प्रत्येक नागरिक की पहुँच में उपलब्ध हो। यदि किसी व्यक्ति को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने पड़ें, आर्थिक संसाधन समाप्त हो जाएँ और न्याय मिलने से पहले ही उसका जीवन संघर्षों में बीत जाए, तो न्याय का उद्देश्य अधूरा रह जाता है। भारतीय न्याय व्यवस्था के सामने लंबित मुकदमों का बढ़ता बोझ और सुनवाई में होने वाली देरी आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं। हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा उच्च न्यायालयों में शीघ्र सुनवाई न मिलने के कारण वादियों के सर्वाेच्च न्यायालय तक पहुँचने की चिंता इसी समस्या की गंभीरता को उजागर करती है। यह स्थिति बताती है कि न्यायिक व्यवस्था में केवल मुकदमों का निपटारा बढ़ाना पर्याप्त नहीं, बल्कि न्याय तक पहुँचने की प्रक्रिया को भी सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना आवश्यक है।

भारत में न्यायिक देरी का सबसे प्रमुख कारण न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों का रिक्त रहना है। न्यायालयों में उपलब्ध न्यायाधीशों की संख्या मुकदमों के अनुपात में पर्याप्त नहीं है। परिणामस्वरूप मौजूदा न्यायाधीशों पर अत्यधिक कार्यभार पड़ता है। जब सीमित संख्या में न्यायाधीशों को बड़ी संख्या में मामलों की सुनवाई करनी पड़ती है, तो प्रत्येक मामले को पर्याप्त समय देना कठिन हो जाता है। नियुक्तियों में विलंब, चयन प्रक्रिया की जटिलताएँ और विभिन्न स्तरों पर होने वाली प्रशासनिक प्रक्रियाएँ इस समस्या को और गंभीर बनाती हैं। न्यायिक पदों को लंबे समय तक रिक्त रखना अंततः आम नागरिक के न्याय पाने के संवैधानिक अधिकार को प्रभावित करता है।


दूसरा बड़ा कारण न्यायालयों में लंबित मुकदमों की विशाल संख्या है। सर्वाेच्च न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों तक मुकदमों का लगातार बढ़ता दबाव न्यायिक व्यवस्था की कार्यक्षमता को प्रभावित कर रहा है। नए मुकदमों के आने की गति और पुराने मामलों के निस्तारण के बीच संतुलन स्थापित नहीं हो पा रहा है। कई मामलों में वादी और प्रतिवादी दोनों वर्षों तक निर्णय की प्रतीक्षा करते रहते हैं। दीवानी विवादों, संपत्ति संबंधी मामलों, पारिवारिक विवादों और आपराधिक मुकदमों में देरी का प्रभाव विशेष रूप से गंभीर होता है। आपराधिक मामलों में विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ सकता है, जबकि दीवानी मामलों में संपत्ति, व्यवसाय और पारिवारिक संबंध अनिश्चितता में फँसे रहते हैं।

बार-बार होने वाले स्थगन भी न्यायिक देरी का एक प्रमुख कारण हैं। कई बार अधिवक्ताओं की अनुपलब्धता, पक्षकारों की तैयारी पूरी न होना, दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य प्रक्रियागत कारणों से सुनवाई आगे बढ़ा दी जाती है। कुछ मामलों में अनावश्यक स्थगन मुकदमों को लंबा खींचने का माध्यम बन जाते हैं। न्यायालयों में तारीख पर तारीख मिलने की प्रवृत्ति न केवल न्यायिक समय की बर्बादी करती है, बल्कि वादियों पर आर्थिक और मानसिक दबाव भी बढ़ाती है। न्याय प्राप्त करने के लिए बार-बार यात्रा करना, अधिवक्ताओं की फीस देना और कामकाज छोड़ना आम नागरिक के लिए अतिरिक्त कठिनाई पैदा करता है।

न्यायिक आधारभूत संरचना की कमी भी इस समस्या को बढ़ाती है। अनेक न्यायालयों में पर्याप्त न्यायालय कक्ष, तकनीकी सुविधाएँ, प्रशिक्षित कर्मचारी और आधुनिक अभिलेख प्रबंधन प्रणाली उपलब्ध नहीं हैं। न्यायिक प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा अभी भी दस्तावेजों, भौतिक फाइलों और प्रशासनिक औपचारिकताओं पर निर्भर है। इसके अतिरिक्त सरकारी मुकदमेबाजी भी न्यायालयों पर अनावश्यक बोझ बढ़ाती है। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा छोटे-छोटे मामलों में अपील करना, निर्णयों को चुनौती देना और विवादों का समय रहते समाधान न करना मुकदमों की संख्या बढ़ाता है। सरकार स्वयं देश की सबसे बड़ी वादियों में शामिल है। इसलिए सरकारी विभागों की जवाबदेही और मुकदमेबाजी नीति में सुधार के बिना लंबित मामलों की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

इस चुनौती से निपटने के लिए सबसे पहले न्यायिक नियुक्तियों की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाना होगा। उच्च न्यायालयों और अधीनस्थ न्यायालयों में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाना चाहिए। न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। न्यायपालिका की स्वतंत्रता और नियुक्तियों की पारदर्शिता बनाए रखते हुए चयन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब समाप्त करना समय की माँग है।

दूसरा महत्वपूर्ण उपाय प्रभावी केस प्रबंधन है। प्रत्येक मुकदमे की प्रकृति और आवश्यकता के अनुसार सुनवाई की समय-सीमा निर्धारित की जानी चाहिए। अनावश्यक स्थगनों पर कठोर नियंत्रण होना चाहिए और विशेष परिस्थितियों को छोड़कर बार-बार तारीख देने से बचना चाहिए। न्यायालयों को मामलों की प्राथमिकता तय करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। वृद्धों, महिलाओं, बच्चों, गंभीर बीमारियों से जुड़े मामलों और लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों को उचित प्राथमिकता दी जानी चाहिए। त्वरित न्याय का अर्थ जल्दबाजी में निर्णय देना नहीं, बल्कि अनावश्यक प्रक्रियागत देरी समाप्त करते हुए निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करना है।

डिजिटल तकनीक न्यायिक सुधारों का एक प्रभावी माध्यम बन सकती है। ई-फाइलिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑनलाइन केस ट्रैकिंग से न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। भारत में ई-कोर्ट्स मिशन मोड परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से न्यायालयों के डिजिटलीकरण, मामलों की ऑनलाइन जानकारी और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिला है। हालांकि डिजिटल न्याय व्यवस्था का लाभ तभी व्यापक होगा, जब ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे शहरों और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को भी इंटरनेट, डिजिटल साक्षरता और आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए। तकनीक न्याय तक पहुँच का साधन बने, नई बाधा नहीं।

इसके साथ ही वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणालियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। मध्यस्थता, सुलह और लोक अदालतें ऐसे मंच हैं, जहाँ अनेक विवाद पारंपरिक न्यायिक प्रक्रिया की तुलना में कम समय और कम खर्च में सुलझाए जा सकते हैं। पारिवारिक विवाद, छोटे आर्थिक विवाद, बैंक ऋण और आपसी समझौते से हल होने वाले मामलों को इन माध्यमों से निपटाने पर नियमित न्यायालयों का बोझ कम किया जा सकता है। जिला स्तर पर मध्यस्थता केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाना और प्रशिक्षित मध्यस्थों की संख्या बढ़ाना भी उपयोगी होगा।

सस्ती न्याय व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है जितना शीघ्र न्याय। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति केवल इसलिए न्याय से वंचित न रह जाए कि वह अधिवक्ता की फीस या मुकदमे का खर्च वहन नहीं कर सकता। इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं को मजबूत करना होगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका को गाँवों और कस्बों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाना चाहिए। लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध सहायता और शिकायत निवारण के माध्यमों के बारे में जागरूक करना भी जरूरी है।

सरकारी मुकदमेबाजी को कम करने के लिए विभागों में प्रभावी विवाद समाधान तंत्र विकसित किया जाना चाहिए। प्रत्येक छोटे मामले में अपील करने के बजाय अधिकारियों को तथ्यों और कानूनी स्थिति के आधार पर विवेकपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। अनावश्यक अपीलों और बार-बार चुनौती देने की प्रवृत्ति पर संस्थागत नियंत्रण होना चाहिए। इससे न्यायालयों का बहुमूल्य समय बचेगा और नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सकेगी। अंततः न्यायिक सुधार केवल न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने या न्यायालयों के डिजिटलीकरण तक सीमित नहीं हो सकते। इसके लिए न्यायपालिका, सरकार, अधिवक्ता समुदाय और नागरिकों के बीच सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी होगी। न्यायालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही को मजबूत करना होगा। साथ ही न्यायिक स्वतंत्रता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना संस्थागत सुधारों को आगे बढ़ाना होगा।

भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता और समानता का आश्वासन देता है। इस आश्वासन की सार्थकता तभी है, जब न्याय समय पर मिले और आर्थिक स्थिति किसी व्यक्ति के न्याय पाने के अधिकार में बाधा न बने। वर्षों तक लंबित मुकदमे केवल न्यायिक आँकड़े नहीं होते, बल्कि उनके पीछे लाखों परिवारों की उम्मीदें, संघर्ष और जीवन की अनिश्चितताएँ जुड़ी होती हैं। इसलिए अब आवश्यकता ऐसी न्याय व्यवस्था विकसित करने की है, जहाँ न्याय महज कानूनी अधिकार न होकर प्रत्येक नागरिक का व्यावहारिक अनुभव बने। न्याय में देरी केवल प्रशासनिक कमजोरी नहीं, बल्कि न्याय के उद्देश्य को कमजोर करने वाली स्थिति है। लोकतंत्र की मजबूती इसी में है कि न्याय न तो महँगा हो, न जटिल और न ही अनिश्चित प्रतीक्षा का विषय। समय पर और सस्ता न्याय ही संविधान के प्रति नागरिकों के विश्वास को वास्तविक मजबूती प्रदान कर सकता है।

Comments (0)

Leave a Comment