Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

शिवसेना (यूबीटी) नेता की हत्या की साजिश पूर्व महापौर और उनके पति ने रची!

ठाणे। शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में उनके बेटे राम पूर्णेकर ने शहर की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या के सिलसिले में एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया है और एक अन्य को हिरासत में लिया है। घटना के बाद ठाणे में विरोध प्रदर्शन हुए थे। बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी कपूरबावड़ी पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने राम पूर्णेकर का बयान दर्ज किया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राम पूर्णेकर ने अपने बयान में आरोप लगाया कि उनके पिता को ठाणे की पूर्व महापौर एवं शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे ने निशाना बनाने की साजिश रची। पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) के ‘विभाग प्रमुख’ पर मंगलवार रात घोड़बंदर रोड के पास जानलेवा हमला किए जाने के बाद पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपियों में पप्या शिंदे, जो पूर्णेकर का पूर्व सहयोगी बताया जा रहा है, संतोष कनोजिया उर्फ टल्ली, निखिल यादव उर्फ शूटर और दो अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

राम पूर्णेकर ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर की रात उसने घोड़बंदर इलाके में राजेंद्र शिंदे को कनोजिया, यादव और नितेश उर्फ भावड्या पवार के साथ संदिग्ध रूप से मिलते देखा था। घर लौटने पर उसने यह बात अपने पिता को बताई। बयान के मुताबिक इसके बाद उनके पिता ने उन्हें रात 10 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी थी और आशंका जताई थी कि उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। राम ने पुलिस को बताया कि ठाणे नगर निगम चुनाव के बाद से राजनीतिक और व्यक्तिगत विवाद चल रहे थे। इन चुनावों में मीनाक्षी शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना से चुनाव लड़ा था, जबकि राम की मां विजेता पूर्णेकर और चाचा जयनाथ पूर्णेकर को शिवसेना (यूबीटी) ने उम्मीदवार बनाया था। 

इस बीच भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पूर्णेकर का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा की कई टीम मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले में कई आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

Comments (0)

Leave a Comment