Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

संस्कृत हमारी ज्ञान परंपरा का आधार, युवा पीढ़ी इसे आगे बढ़ाए : अमित कुमार शर्मा

दिल्ली में ‘संस्कृत एवं युवा पीढ़ी’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित, आधुनिक शिक्षा में संस्कृत की उपयोगिता और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर चर्चा 

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के अंतर्गत दिल्ली संस्कृत अकादमी तथा शमा एजुकेशनल एंड पॉलिटेक्निक सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, गोकुलपुरी में ‘संस्कृत एवं युवा पीढ़ी’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृत भाषा के महत्व, भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण तथा युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना था। संगोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों, शिक्षाविदों, संस्था के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान संस्कृत के ऐतिहासिक योगदान, वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता तथा नई पीढ़ी में इस भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के उपायों पर विचार व्यक्त किए गए।


कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अमित कुमार शर्मा (IRS), मुख्य सतर्कता अधिकारी, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण आधार रही है। महर्षि पाणिनि, आर्यभट और चरक जैसे विद्वानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संस्कृत में साहित्य और दर्शन के अतिरिक्त गणित, खगोल विज्ञान तथा चिकित्सा से संबंधित महत्वपूर्ण ज्ञान भी उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश की युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए आधुनिक विज्ञान और तकनीक में प्रगति के साथ अपनी भाषायी विरासत को भी आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने संस्कृत के अध्ययन को आधुनिक विषयों और अनुसंधान से जोड़ने पर बल दिया, ताकि युवा पीढ़ी इसके ज्ञान का उपयोग नई संभावनाओं के विकास में कर सके।


कार्यक्रम में संस्कृत के प्रचार-प्रसार और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। संगोष्ठी का समापन भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।




Comments (0)

Leave a Comment