Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अब नहीं होना पड़ेगा एलपीजी गैस पर निर्भर

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में इथेनॉल आधारित एक आधुनिक कुक स्टोव का अनावरण किया है, जिसे घरेलू रसोई में एलपीजी गैस सिलेंडर का सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विकल्प माना जा रहा है। यह पूरी तरह भारत में विकसित और निर्मित तकनीक है, जिसका मुख्य उद्देश्य ऊर्जा के क्षेत्र में देश की विदेशी निर्भरता को कम करना और घरेलू संसाधनों के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देना है। 

विशेषज्ञों के मुताबिक यह चूल्हा भविष्य में आम लोगों की रसोई का स्वरूप बदल सकता है। इस चूल्हे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे चलाने के लिए इथेनॉल को पानी में मिलाया जाता है। जानकारी के मुताबिक पानी में केवल सात फीसदी इथेनॉल मिलाकर इसे जलाया जा सकता है। यह मिश्रण तेज नीली लौ पैदा करता है, जिससे खाना करीब उसी गति से पकता है जैसे एलपीजी गैस चूल्हे पर पकता है। चूंकि इसमें तरल ईंधन का इस्तेमाल होता है, इसलिए एलपीजी सिलेंडर की तरह उच्च दबाव या विस्फोट का खतरा नहीं रहता, जिससे यह घरेलू उपयोग के लिए अधिक सुरक्षित माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह चूल्हा पर्यावरण के लिहाज से भी काफी बेहतर है। इसके जलने पर हानिकारक धुआं या प्रदूषणकारी गैसें बहुत कम निकलती हैं, जिससे यह स्वच्छ ऊर्जा के रूप में उभर सकता है। इसके अलावा, पानी के साथ सीमित मात्रा में इथेनॉल के उपयोग के कारण इसकी ईंधन लागत भी काफी कम हो सकती है। अनुमान है कि इथेनॉल की कीमत 60 से 70 रुपए प्रति लीटर के आसपास हो सकती है, जिससे मासिक खर्च एलपीजी सिलेंडर की तुलना में काफी कम पड़ेगा। दुनिया के कई देश ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने और पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने के लिए इथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा दे रहे हैं। 

बता दें इथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधन की अवधारणा को 1973 के वैश्विक तेल संकट के बाद तेजी मिली थी, जब अरब देशों द्वारा तेल निर्यात पर प्रतिबंध लगाए जाने से दुनिया को ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ा था। विशेषज्ञ मानते हैं कि इथेनॉल आधारित यह नया चूल्हा भारत के लिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम पहल साबित हो सकता है। इससे किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना है, क्योंकि इथेनॉल उत्पादन के लिए कृषि आधारित उत्पादों की मांग बढ़ेगी। 


Comments (0)

Leave a Comment