Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

अभिजीत दीपके को एनडीए में आने का मिला ऑफर

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख रामदास आठवले ने अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। हालांकि, दीपके की ओर से इस प्रस्ताव पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दीपके और सीजेपी फिलहाल सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखने की बात कह रहे हैं।

आठवले ने सोमवार को कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के सपने को पूरा करने तथा समाज और पार्टी को मजबूत करने के लिए दीपके को आरपीआई(ए) में शामिल होना चाहिए। दीपके ने हाल ही में राजनीति में तत्काल प्रवेश से इनकार किया था। उन्होंने हालांकि कहा था कि यदि बड़ी संख्या में लोग चाहेंगे तो वह भविष्य में इस पर विचार कर सकते हैं। जनता की मांग होने पर चुनाव लड़ने की संभावना से भी उन्होंने इनकार नहीं किया है। सीजेपी ने जून-जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की अगुवाई की थी। अगस्त के पहले सप्ताह में संगठन ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया, लेकिन स्पष्ट किया कि फिलहाल इसे राजनीतिक दल में नहीं बदला जाएगा। संगठन का कहना है कि वह चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय जमीनी स्तर पर काम और जनजागरूकता बढ़ाने पर ध्यान देगा। दीपके ने भी कहा है कि भारत में एक और राजनीतिक पार्टी बनाना फिलहाल समाधान नहीं है। हालांकि, उन्होंने भविष्य में जनता की मांग के आधार पर अपनी भूमिका बदलने की संभावना खुली रखी है।

दीपके ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव से ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्होंने निजी स्कूलों की फीस सीमित करने की भी मांग की। दीपके के मुताबिक, अभियान के तहत स्कूलों में पानी, खिड़कियां, बेंच और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति का आंकड़ा जुटाया जाएगा। इसके लिए एक सूची तैयार की गई है, जिसके जरिए स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के अगले चरण में महाराष्ट्र के अन्य तालुकों के सरकारी स्कूलों का दौरा किया जाएगा। सीजेपी ने राजस्थान के स्कूलों में भी अभियान चलाने की योजना बताई है। संगठन सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर भी इसी तरह की मुहिम शुरू करने की तैयारी में है।

Comments (0)

Leave a Comment