Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

दिल्ली एयरपोर्ट के रास्तों पर अब कैमरे काटेंगे चालान

नई दिल्ली। यदि आप इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हवाई अड्डे के आसपास की सड़कों पर अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और डायल-जीएमआर ने संयुक्त रूप से एयरपोर्ट क्षेत्र में ऑटोमेटेड ई-चालान सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब सड़क पर पुलिसकर्मी की मौजूदगी न होने पर भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर घर बैठे कार्रवाई होगी।

ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस अत्याधुनिक तकनीक को सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और एयरपोर्ट के आसपास यातायात प्रवाह को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसके लिए पूरे एयरपोर्ट रोड नेटवर्क पर हाई-डेफिनिशन एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे तैनात किए जा रहे हैं। वर्तमान में एयरपोर्ट के विभिन्न रणनीतिक हिस्सों में 14 एएनपीआर कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 35 अन्य अतिरिक्त कैमरे लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। आने वाले समय में पूरे हवाई अड्डा क्षेत्र को स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम के घेरे में ले लिया जाएगा। यह सिस्टम पूरी तरह से स्वचालित है। जैसे ही कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से तेज चलता है, अवैध पार्किंग करता है, गलत दिशा में वाहन चलाता है या रेड लाइट जंप करता है, ये कैमरे तुरंत वाहन की नंबर प्लेट को रिकॉर्ड कर लेंगे। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी इन कैमरों की पैनी नजर रहेगी। रिकॉर्ड किया गया डेटा सीधे नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के केंद्रीय सिस्टम से जुड़ा रहेगा, जहां पुलिसकर्मी फुटेज की पुष्टि करने के बाद तुरंत ई-चालान जारी करेंगे। निगरानी का यह सख्त पहरा एयरपोर्ट के प्रमुख इलाकों जैसे सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गाे टर्मिनल, रंगपुरी, सेंटॉर होटल जंक्शन, एरोसिटी, एनएसजी जंक्शन और टर्मिनल-1 के एग्जिट रोड पर शुरू हो चुका है। डायल-जीएमआर और पुलिस का मानना है कि इस पहल से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या सुलझेगी, बल्कि सड़क हादसों में भी भारी कमी आएगी। यात्रियों और कर्मचारियों के लिए एयरपोर्ट का सफर अब पहले से अधिक सुरक्षित और अनुशासित होगा। अतः वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, अन्यथा नियमों को तोड़ते ही चालान आपके मोबाइल और पते पर पहुंच जाएगा।

Comments (0)

Leave a Comment