Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

कार हमेशा छाँव में या शेड के नीचे धोएं

नई दिल्ली । पैसों की बचत के उद्देश्य से कई लोग अपनी कार को घर पर ही धोना पसंद करते हैं। इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन गलत तरीके और घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल आपकी कार को ऐसा नुकसान पहुँचा सकता है, जिसकी भरपाई बाद में बेहद महँगी साबित होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि घर पर कार धोते समय कुछ आम गलतियाँ न केवल कार की सेहत बिगाड़ती हैं, बल्कि उसकी चमक और उसकी बाजार मूल्य को भी कम कर देती हैं। यहाँ हम विस्तार से उन गलतियों, उनके नुकसान और कार धोने के सही तरीके पर चर्चा करेंगे, ताकि आपकी कार की शाइन और वैल्यू दोनों बनी रहे। अक्सर लोग बर्तन धोने वाले साबुन, शैम्पू या कपड़े धोने के डिटर्जेंट जैसे घरेलू क्लीनर का इस्तेमाल कार धोने के लिए कर लेते हैं। ये केमिकल कार पेंट की नाजुक क्लियर कोट लेयर को धीरे-धीरे खत्म कर देते हैं, जिससे पेंट फीका पड़ने लगता है और उसकी प्राकृतिक चमक गायब हो जाती है। शुरुआत में भले ही इसका फर्क दिखाई न दे, लेकिन कुछ ही महीनों में आपकी कार पुरानी और बेजान लगने लगती है। इसी तरह, इंटरनेट पर या देसी सलाह के भरोसे नींबू, बेकिंग सोडा और सिरका जैसी चीजों का प्रयोग भी बेहद हानिकारक है।

इनके एसिडिक और एब्रेसिव तत्व पेंट को खुरच देते हैं, जिससे सूक्ष्म खरोंचें (माइक्रो स्क्रैच) बन जाती हैं। ये खरोंचें बाद में स्पष्ट दिखने लगती हैं और धातु के हिस्सों पर जंग लगने का खतरा भी बढ़ा देती हैं। ये नुस्खे तात्कालिक सफाई तो दे सकते हैं, लेकिन लंबे समय में कार की उम्र और उसकी खूबसूरती पर बुरा असर डालते हैं। कार को पुराने कपड़ों, टी-शर्ट या सामान्य तौलियों से पोंछना भी एक आम गलती है। इन पुराने कपड़ों में अक्सर धूल के कण या बारीक रेत फंसी होती है, जो कार की बॉडी पर रगड़ने से स्वर्ल मार्क्स और सूक्ष्म खरोंचें पैदा करती है। काली या गहरे रंग की कारों पर ये खरोंचें और भी जल्दी दिखती हैं, जिससे कार भले ही साफ दिखे, लेकिन पास से देखने पर उसका पेंट खराब और धूमिल लगता है। गलत क्रम में कार धोना भी एक बड़ी समस्या है। ज्यादातर लोग ऊपर से कार धोना शुरू करते हैं और नीचे की गंदगी बाद में साफ करते हैं। ऐसा करने से निचले हिस्से की मिट्टी और ग्रीस ऊपर के साफ किए हुए हिस्सों पर फैल जाती है, जिससे पेंट पर ज्यादा खरोंचें पड़ती हैं और कार सही तरीके से साफ नहीं हो पाती। तो फिर कार धोने का सही तरीका क्या है?

 विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे पहले टायर और कार के नीचे के हिस्से को धोना चाहिए, जहाँ सबसे ज्यादा गंदगी होती है। इसके बाद ही बॉडी और छत की सफाई करें। सफाई के लिए केवल कार वॉश शैंपू या विशेष क्लीनर का ही इस्तेमाल करें और माइक्रोफाइबर कपड़ा या स्पॉन्ज का ही प्रयोग करें। कार हमेशा छाँव में या शेड के नीचे धोएं। सुबह जल्दी या शाम का समय इसके लिए सबसे बेहतर होता है। इसके अलावा, तेज धूप या गर्मी में कार धोना या धोने के बाद उसे धूप में सुखाना भी गलत है। तेज धूप में पानी जल्दी सूखता है और पेंट पर पानी के दाग (वॉटर स्पॉट्स) छोड़ जाता है, जिससे कार की प्राकृतिक चमक कम हो जाती है। साथ ही, प्लास्टिक और रबर के पुर्जे जल्दी सख्त होकर खराब होने लगते हैं। 


Comments (0)

Leave a Comment