Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

दोसांझ के खिलाफ साजिश का खुलासा

दीवारों पर लिखे थे नारे

नई दिल्ली। प्रसिद्ध पंजाबी गायक और कलाकार दिलजीत दोसांझ के खिलाफ दिल्ली में माहौल खराब करने की एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर दिलजीत दोसांझ के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से एक युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरी हरकत प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख और भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू के निर्देश पर अंजाम दी गई थी।

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर दिलजीत दोसांझ के खिलाफ देश-विरोधी और भड़काऊ नारे लिखे जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अत्याधुनिक टेक्निकल सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए सबसे पहले समालखां से सुमित उर्फ रफ्तार को दबोचा। इसके बाद उसकी निशानदेही पर लुधियाना से सुमित उर्फ काका और गुरदीप कौर नामक युवती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी सुमित उर्फ काका सीधे तौर पर प्रतिबंधित संगठन एसएफजे के संपर्क में था। उसे एक विशेष एप्लीकेशन के जरिए आतंकी पन्नू से जोड़ा गया था। पन्नू के निर्देश पर ही दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम से ठीक पहले शहर में तनाव पैदा करने के लिए ये नारे लिखवाए गए थे, जिसके एवज में आरोपियों को आर्थिक मदद भी मुहैया कराई गई थी। आरोपी सुनियोजित तरीके से कैब के जरिए पंजाब से दिल्ली आए थे और अलग-अलग मेट्रो स्टेशनों पर नारे लिखने के बाद उनके वीडियो बनाकर अपने विदेशी हैंडलर्स को भेजे थे, ताकि दुष्प्रचार किया जा सके।

इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दौरान एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश के कानपुर से भी एक युवक अंकित शंखवार की गिरफ्तारी हुई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पांच लाख से अधिक फर्जी ई-मेल आईडी तैयार कर बेचने के बड़े नेटवर्क का संचालन कर रहा था। जांच में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया है कि इसी आरोपी द्वारा उपलब्ध कराए गए फर्जी ई-मेल खातों का इस्तेमाल दिल्ली-एनसीआर में स्कूलों, एक बॉलीवुड अभिनेता के आवास और दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम को बम से उड़ाने की धमकी भेजने के लिए किया गया था। फिलहाल, दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां इस पूरे राष्ट्रविरोधी षड्यंत्र से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान करने और उनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई हैं।


Comments (0)

Leave a Comment