Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

गुजरात से पहली बार कांग्रेस का नहीं होगा कोई राज्यसभा सांसद

गांधीनगर। गुजरात में कांग्रेस पार्टी के लिए एक और बेहद चिंताजनक खबर है। राज्य में लगातार घटते जनाधार के बीच अब देश के सर्वाेच्च सदन (राज्यसभा) में भी पार्टी का वजूद पूरी तरह सिमटने जा रहा है। गुजरात से कांग्रेस के एकमात्र राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल का कार्यकाल आगामी 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसके बाद इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब राज्यसभा में गुजरात से कांग्रेस का एक भी प्रतिनिधि नहीं बचेगा। गुजरात की 4 राज्यसभा सीटों के लिए आगामी 18 जून को चुनाव होने जा रहे हैं। वर्तमान राजनीतिक समीकरणों को देखें तो इन सभी सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के पास 162 विधायकों का भारी बहुमत है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सिमटकर महज 12 विधायकों पर आ गई है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के 5, समाजवादी पार्टी का 1 और दो निर्दलीय विधायक हैं। इस संख्या बल के कारण कांग्रेस के पास नया सांसद चुनने की कोई उम्मीद नहीं बची है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इन सीटों के लिए 1 जून को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून है, जबकि 9 जून को पर्चों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक गांधीनगर स्थित विधानसभा परिसर में मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न कर ली जाएगी।गौरतलब है कि गुजरात में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। इनमें से वर्तमान में 10 सीटों पर भाजपा का कब्जा है और एकमात्र सीट कांग्रेस के पास थी, जो अब हाथ से निकल जाएगी। शक्तिसिंह गोहिल के अलावा जिन अन्य तीन सांसदों का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है, उनमें भाजपा के नरहरि अमीन, रमीला बारा और राम मोकारिया शामिल हैं।

Comments (0)

Leave a Comment