Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

मीनाक्षी एम राय बनेंगी पटना हाईकोर्ट की नई चीफ जस्टिस

पटना। पटना हाई कोर्ट की नई मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायाधीश मीनाक्षी एम राय नियुक्त होंगी। केंद्रीय कानून मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है। वह 5 जून से पदभार ग्रहण करेंगी और पटना हाईकोर्ट की 48वीं तथा दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनेंगी। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू जिन्होंने इस साल 7 जनवरी को यह पद संभाला था वे 4 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर वरिष्ठ न्यायाधीश मीनाक्षी एम राय की नियुक्ति की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई 2026 को केंद्र सरकार को उन्हें मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की थी। पटना हाईकोर्ट के इतिहास में इससे पहले रेखा एम. दोषित पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रही थीं। उन्होंने 10 जुलाई 2010 को पदभार संभाला था। अब न्यायाधीश मीनाक्षी एम राय इस पद पर पहुंचने वाली दूसरी महिला होंगी। 

 न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय के सफर पर एक नजर 

न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय का जन्म 12 जुलाई 1964 को सिक्किम में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने लेडी श्री राम कॉलेज फॉर विमेन से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन तथा कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। उनके पिता सिक्किम सरकार में गृह सचिव रह चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 1990 में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के रूप में अपने न्यायिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2004 में जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनीं और 15 अप्रैल 2015 को सिक्किम हाई कोर्ट की न्यायाधीश नियुक्त हुईं। वह कई अवसरों पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। बहरहाल न्यायाधीश मीनाक्षी एम राय के पटना हाईकोर्ट की कमान संभालने से बिहार की न्यायपालिका में महिला नेतृत्व को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Comments (0)

Leave a Comment