Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नीतीश को दफन किया! और जेडीयू को बना दिया थैली की पार्टी

पटना। पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन ने जनता दल (यूनाइटेड) और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर तीखा हमला बोला है, जिससे बिहार का सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। सीतामढ़ी जिले के डुमरा रोड स्थित एक होटल में आयोजित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थापना समारोह की तैयारी बैठक में आनंद मोहन ने अपनी ही पत्नी लवली आनंद (जदयू सांसद) और बेटे चेतन आनंद (जदयू विधायक) की पार्टी के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि आज जदयू में पूरी तरह से थैली की राजनीति (धनबल का खेल) हावी हो चुकी है और नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है।

आनंद मोहन ने सरकार और एनडीए के पोस्टरों व बोर्ड से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चेहरा गायब होने पर गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिस कठिन दौर से गुजरते हुए नीतीश कुमार ने इस पार्टी को खड़ा किया, आज उन्हें जीते जी दफन करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने एक हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि मंच पर शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जिसमें 85 विधायकों के समर्थन वाले नेता नीतीश कुमार स्वयं मौजूद थे, लेकिन वहां उनकी तस्वीर तक नहीं लगाई गई। इसके अलावा उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार में जो नए सरकारी बोर्ड लग रहे हैं, उनमें से उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव का नाम क्यों गायब कर दिया गया है।

अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्रिमंडल में जगह न मिलने के सवाल पर आनंद मोहन ने कहा कि विपक्षी एक नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि मैं बेटे के मंत्री न बनने से बौखला गया हूं। लेकिन हकीकत यह है कि जदयू में सिर्फ पैसे का खेल चल रहा है और जो थैली पहुंचा रहा है, वही मंत्री बन रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि चेतन आनंद ने संकट के समय सरकार बचाई थी, और जो सरकार बचाएगा, वह आगे चलकर सरकार चलाएगा भी। आनंद मोहन ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग धनबल के सहारे राजनीति कर रहे हैं, वे न सिर्फ जदयू बल्कि पूरे एनडीए गठबंधन को डुबो रहे हैं। उन्होंने आरा-बक्सर के एमएलसी चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जनता ने पैसे के खेल को करारा जवाब दिया है और आने वाले चुनावों में भी ऐसा ही देखने को मिलेगा।


Comments (0)

Leave a Comment