Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

ओटीटी की बढ़त से डीटीएच और केबल पर छाया संकट

स्मार्ट टीवी और सस्ते इंटरनेट ने बदली मनोरंजन की तस्वीर

नई दिल्ली। देश में मनोरंजन के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। स्मार्ट टीवी, हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड और ओटीटी प्लेटफॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता के चलते पारंपरिक डीटीएच और केबल सेवाओं का ग्राहक आधार लगातार घट रहा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ताजा परफॉर्मेंस इंडिकेटर रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 की तिमाही के अंत तक देश में सक्रिय पेड डीटीएच ग्राहकों की संख्या घटकर 4.90 करोड़ (49.05 मिलियन) रह गई, जबकि दिसंबर 2025 में यह आंकड़ा 5.10 करोड़ (50.99 मिलियन) था। यानी मात्र 90 दिनों में करीब 19.4 लाख ग्राहकों ने डीटीएच सेवा छोड़ दी।

उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट केवल डीटीएच तक सीमित नहीं है। केबल टीवी नेटवर्क भी तेजी से सिमट रहा है। मध्य प्रदेश में जहां कुछ वर्ष पहले 18 से 20 लाख घरों में केबल कनेक्शन थे, वहीं अब इसकी पहुंच काफी घट चुकी है। अनुमान है कि मनोरंजन बाजार में अब लगभग 60 प्रतिशत हिस्सेदारी ओटीटी प्लेटफॉर्म की हो चुकी है, जबकि केबल और डीटीएच का हिस्सा करीब 20-20 प्रतिशत रह गया है।विशेषज्ञों का मानना है, कि उपभोक्ताओं के लिए ब्रॉडबैंड आधारित बंडल प्लान अधिक किफायती साबित हो रहे हैं। एक ही पैकेज में हाई-स्पीड इंटरनेट, लाइव टीवी चौनल और कई ओटीटी प्लेटफॉर्म की सदस्यता उपलब्ध होने से लोग पारंपरिक टीवी सेवाओं की बजाय डिजिटल विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं।  इस संबंध में केबल ऑपरेटर बताते हैं कि पिछले पांच वर्षों में शहर में ही केबल कनेक्शनों की संख्या लाखों में घटी है और अब हजारों में रह गई है। इसकी मुख्य वजह जहां कनेक्शन महंगा होना बताया जाता है वहीं अब उपभोक्ता तय समय पर प्रसारित होने वाले चौनलों की बजाय अपनी सुविधानुसार पसंदीदा कंटेंट देखना चाह रहे हैं। 

दूरसंचार विशेषज्ञों का कहना है कि सस्ते इंटरनेट, 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) और स्मार्ट टीवी के प्रसार ने इस बदलाव को और गति दी है। मार्च 2026 तक देश में 5जी एफडब्ल्यूए कनेक्शनों की संख्या 1.25 करोड़ के पार पहुंच चुकी है और अप्रैल में इसमें और वृद्धि दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में मनोरंजन उद्योग का केंद्र पारंपरिक प्रसारण सेवाओं से हटकर इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म की ओर और तेजी से स्थानांतरित होगा।

Comments (0)

Leave a Comment