Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पाकिस्तान बना दुनिया का सबसे बड़ा आतंकी केंद्र

नई दिल्ली । वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के बदलते स्वरूप और इसके प्रभाव को लेकर जारी की गई ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स (जीटीआई) 2026 की रिपोर्ट ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान अब दुनिया का सबसे अधिक आतंकवाद प्रभावित देश बन गया है। इस सूची में पाकिस्तान ने बुर्किना फासो को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 पाकिस्तान के लिए पिछले एक दशक का सबसे खराब साल रहा, जहां 1,045 आतंकी घटनाओं में 1,139 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

विशेषज्ञों का मानना है कि आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति (स्टेट पॉलिसी) का हिस्सा बनाने वाले पाकिस्तान को अब अपने ही बोए हुए कांटों का दंश झेलना पड़ रहा है। रिपोर्ट में इस गिरावट का मुख्य कारण 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी को बताया गया है, जिसके बाद से सीमा पार आतंकी गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है। विशेष रूप से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने अफगान धरती का इस्तेमाल लॉन्चपैड के रूप में करते हुए पाकिस्तान में हमलों की झड़ी लगा दी है। साल 2025 में टीटीपी के हमलों में 24 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी गई। इसके अलावा, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की सक्रियता और जाफर एक्सप्रेस ट्रेन के अपहरण जैसी घटनाओं ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। रिपोर्ट बताती है कि दक्षिण एशिया अभी भी दुनिया का सबसे संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन यहां कुछ देशों ने मिसाल भी पेश की है।

जहां फरवरी 2026 में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं, वहीं नेपाल ने लगातार तीसरे साल शून्य आतंकी घटना के साथ अपनी शांति बरकरार रखी है। बांग्लादेश ने भी 2025 में आतंकी हमलों में 100 प्रतिशत की गिरावट दर्ज कर दुनिया को हैरान किया है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य तनाव बड़े पैमाने पर विस्थापन और आतंकी संगठनों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है, जो पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए खतरा है।

भारत की स्थिति में निरंतर सुधार

पाकिस्तान की तुलना में भारत की स्थिति काफी संतुलित और सकारात्मक नजर आ रही है। जीटीआई 2026 की रिपोर्ट में भारत को 6.428 के स्कोर के साथ वैश्विक स्तर पर 13वें स्थान पर रखा गया है। दक्षिण एशिया में भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बाद तीसरे नंबर पर है, लेकिन आतंकी घटनाओं पर लगाम लगाने के मामले में भारत ने प्रभावी सफलता हासिल की है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में भारत में आतंकी हमलों में 43 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। पिछले एक दशक में भारत का जीटीआई स्कोर 0.415 अंक घटा है, जो देश में सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का परिणाम है।

Comments (0)

Leave a Comment