Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पहले चरण के मतदान के बीच बमबाजी से तनाव

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान से पहले मुर्शिदाबाद में बमबाजी की खबरें हैं, अनेक लोगों के घायल होने की सूचना भी मिल रही है।  मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मतदान से पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में देर रात देशी बम से हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। सुबह आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर जब घटनास्थल पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई, जिससे हालात कुछ समय के लिए और बिगड़ गए। 

मालदा में ईवीएम खराब 

इसी बीच मालदा जिले के एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में खराबी आने से हंगामा हो गया। मतदान में देरी से नाराज मतदाताओं ने चुनाव अधिकारियों को घेर लिया और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। बाद में तकनीकी टीम ने मशीन को दुरुस्त कर मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू कराई। 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

पूरे पश्चिम बंगाल में कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी रखी जा रही है। राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।


Comments (0)

Leave a Comment