Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पीएम मोदी ने जाम्बिया के राष्ट्रपति हिचिलेमा को जीत पर दी बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाम्बिया के राष्ट्रपति हाकाइंडे हिचिलेमा को दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा निर्वाचित होने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत जाम्बिया के साथ अपने बहुआयामी संबंधों को काफी महत्व देता है और हिचिलेमा के नेतृत्व में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए, राष्ट्रपति हिचिलेमा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया के राष्ट्रपति के रूप में दोबारा चुने जाने पर हिचिलेमा को हार्दिक बधाई। प्रधानमंत्री ने भारत-जाम्बिया साझेदारी को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता भी जताई। जाम्बिया के निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को हिचिलेमा को पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित घोषित किया था। आयोग के अनुसार, पिछले गुरुवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल करीब 50 लाख मत पड़े, जिनमें से 61.4 प्रतिशत वोट हिचिलेमा के पक्ष में गए। उन्हें स्पष्ट बहुमत मिलने के कारण चुनाव में रन-ऑफ की आवश्यकता नहीं पड़ी।

हिचिलेमा को 29.65 लाख वोट

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक हिचिलेमा ने 29,65,326 वोट हासिल किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी नेता ब्रायन मुंडुबिले को 18,56,217 वोट मिले। मुंडुबिले को करीब 38 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। आयोग की अध्यक्ष म्वांगला जालौमिस ने 18 अगस्त को हिचिलेमा को जाम्बिया गणराज्य का निर्वाचित राष्ट्रपति घोषित किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा को लेकर भी चिंता सामने आई। पिछले शुक्रवार को मतगणना रोक दी गई थी और कुछ घंटों बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इसे दोबारा शुरू किया गया। निर्वाचन आयोग ने बताया था कि कुछ मतदान केंद्रों के अधिकारियों पर हमले हुए और मतपत्र चोरी किए गए।

सरकार ने यह भी पुष्टि की कि चुनाव की रात विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया था। हिचिलेमा की जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी की बधाई को भारत-जाम्बिया संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता प्रधानमंत्री के संदेश में स्पष्ट रूप से सामने आई है।

Comments (0)

Leave a Comment