Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

पुलिस कार्रवाई के विरोध में संसद परिसर में धरने पर बैठे सांसद चंद्रशेखर आजाद

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद सोमवार रात से संसद परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे शांतिपूर्ण धरना शुरू करते हुए प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आवाज उठाई और पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्होंने संविधान की शपथ जिस संसद परिसर में ली थी, आज उसी स्थान पर संविधान के सम्मान की रक्षा के लिए धरने पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे बच्चों और छात्र-छात्राओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उसने लोकतांत्रिक मूल्यों को आहत किया है। उन्होंने कहा कि जब तक घटना की निष्पक्ष जांच नहीं होती और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। सांसद ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर धरने की तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें वह बारिश के दौरान भी धरने पर बैठे दिखाई दिए। उन्होंने लिखा कि जंतर-मंतर पर बच्चों और बच्चियों के साथ हुए कथित बर्बर व्यवहार ने उन्हें गहराई तक विचलित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग का दौर नहीं देखा, लेकिन सोमवार को सामने आए दृश्य उन्हें इतिहास के उस काले अध्याय की याद दिलाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि ज़ुल्म जब भी हद से आगे बढ़ने लगता है, वहीं से बदलाव का सूरज निकलने लगता है। 

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के साथ अनावश्यक कठोरता बरती गई।गौरतलब है कि सोमवार को सीजेपी ने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित विभिन्न मांगों को लेकर संसद मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इस घटना के बाद कई विपक्षी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बयान दिए हैं।

Comments (0)

Leave a Comment