Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, संसद परिसर में प्रदर्शन

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर स्थित मकर द्वार पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्षी दलों के कई सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता केवल खातों में राशि भेजने तक सीमित दिखाई देती है, जबकि युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर अपेक्षित जवाबदेही नहीं दिख रही है। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि लगातार तीसरे दिन दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि संसद के भीतर और बाहर विपक्ष की एक ही मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। उनका कहना था कि इस्तीफे के बाद ही इस मुद्दे पर सार्थक चर्चा संभव है।

महुआ मोइत्रा ने सरकार के फास्ट ट्रैक कोर्ट के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों और कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी से बच रही है, जबकि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।


Comments (0)

Leave a Comment