Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

तीन कंपनियां और 100 यूट्यूबर रडार पर

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस की जांच अब तीन निजी डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मैनेजमेंट कंपनियों के साथ-साथ 100 से अधिक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या प्रदर्शन से जुड़ा विवादित वीडियो किसी सुनियोजित डिजिटल अभियान, टूलकिट या जनसंपर्क रणनीति के तहत बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था।

प्रारंभिक तकनीकी जांच में पुलिस को संदेह है कि वीडियो का वायरल होना सामान्य या स्वतरू नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इसे तय रणनीति के तहत सही समय पर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया और एल्गोरिदम का उपयोग कर इसकी पहुंच बढ़ाई गई। इसी आधार पर पुलिस संबंधित कंपनियों के दस्तावेज, सर्वर लॉग और आंतरिक गतिविधियों की जांच कर रही है। जांच में शामिल अधिकारियों के अनुसार, संबंधित कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों और कुछ यूट्यूबर को पूछताछ के लिए जल्द नोटिस भेजे जा सकते हैं। साथ ही मुंबई स्थित एक प्रमुख इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग एजेंसी और उसके क्रिएटर नेटवर्क की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस नेटवर्क से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रदर्शन के प्रचार, भीड़ जुटाने या ऑनलाइन माहौल बनाने के लिए सक्रिय किया गया था।

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इन सभी पहलुओं की पुष्टि तकनीकी और दस्तावेजी जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। मामले में वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि प्रदर्शन और उससे जुड़े सोशल मीडिया अभियान के लिए धन कहां से आया तथा डिजिटल प्रचार गतिविधियों पर कितना खर्च किया गया। जांच एजेंसियां संभावित फंडिंग नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों की भी पड़ताल कर रही हैं।

Comments (0)

Leave a Comment