Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

नागरिक की स्वतंत्रता पर पहरा अब पुलिस की मनमानी नहीं चलेगी -सुप्रीम कोर्ट

 हिरासत के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना अनिवार्य व्यक्तिगत अधिकारों की रक्षा में सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण संदेश

कानून का शासन किसी भी लोकतांत्रिक देश की सबसे बड़ी ताकत होता है। इसकी सार्थकता तभी है जब कानून बनाने वाले ही नहीं, बल्कि कानून लागू करने वाली संस्थाएं भी उसके दायरे में रहकर काम करें। किसी व्यक्ति पर संदेह होना, उसके विरुद्ध शिकायत मिलना अथवा किसी अपराध में संलिप्तता की आशंका होना पुलिस को यह अधिकार नहीं देता कि वह अपनी इच्छा से उसकी स्वतंत्रता छीन ले। अपराध की जांच करना पुलिस का कर्तव्य है, लेकिन जांच की आड़ में नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसी महत्वपूर्ण सिद्धांत को सर्वाेच्च न्यायालय ने अपने फैसले के माध्यम से और स्पष्ट कर दिया है।

सर्वाेच्च न्यायालय ने व्यवस्था दी है कि किसी व्यक्ति को वास्तविक रूप से हिरासत में लेने के 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना अनिवार्य है। इस अवधि की गणना पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के समय से नहीं, बल्कि व्यक्ति की स्वतंत्रता सीमित किए जाने के वास्तविक समय से होगी। अर्थात किसी व्यक्ति को पूछताछ के नाम पर थाने में रोककर बाद में गिरफ्तारी दिखाने की प्रक्रिया को संवैधानिक सुरक्षा से बचने का रास्ता नहीं बनाया जा सकता। निर्धारित समय में मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं करने पर हिरासत अवैध होगी और संबंधित व्यक्ति की रिहाई आवश्यक होगी।

इस निर्णय का सबसे बड़ा महत्व यह है कि न्यायालय ने नागरिक स्वतंत्रता को केवल कागजी अधिकार मानने के बजाय उसकी व्यावहारिक सुरक्षा पर जोर दिया है। संविधान का अनुच्छेद 22(2) स्पष्ट करता है कि गिरफ्तार व्यक्ति को यात्रा के आवश्यक समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर निकटतम मजिस्ट्रेट के सामने प्रस्तुत करना होगा। सर्वाेच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि हिरासत और औपचारिक गिरफ्तारी के बीच अंतर बताकर इस संवैधानिक प्रावधान को निष्प्रभावी नहीं किया जा सकता। न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ का यह दृष्टिकोण पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने वाला है।

भारतीय समाज में लंबे समय तक यह धारणा बनी रही कि पुलिस के सामने आम नागरिक की आवाज कमजोर पड़ जाती है। किसी व्यक्ति को संदेह के आधार पर थाने बुलाया गया तो परिवार के सदस्य भी यह पूछने से डरते थे कि उसे किस कारण रोका गया है और कब छोड़ा जाएगा। कई बार पूछताछ की प्रक्रिया लंबी खिंच जाती थी और औपचारिक गिरफ्तारी बाद में दर्ज की जाती थी। ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति और उसके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। कानून की जानकारी का अभाव भी इस समस्या को बढ़ाता था। अनेक लोग पुलिस की कार्रवाई को ही अंतिम मानकर अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठा पाते थे।

लेकिन बदलते समय के साथ नागरिकों की सोच और जागरूकता में भी बदलाव आया है। आज शिक्षा, संचार माध्यमों और कानूनी जानकारी की उपलब्धता ने आम व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाया है। अब नागरिक यह जानना चाहता है कि पुलिस किस कानूनी आधार पर उसे रोक रही है, हिरासत का समय कब से माना जाएगा और उसे न्यायालय के सामने कब प्रस्तुत किया जाएगा। यह जागरूकता किसी सरकारी संस्था के प्रति विरोध नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जवाबदेही की मांग है। पुलिस अधिकारी को भी यह समझना होगा कि वर्दी का सम्मान तभी बढ़ता है जब उसका इस्तेमाल कानून और जनसेवा के अनुरूप हो।

सर्वाेच्च न्यायालय का यह फैसला पुलिस और जांच एजेंसियों के काम में अनुशासन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जांच की आवश्यकता और नागरिक की स्वतंत्रता के बीच संतुलन बनाए रखना न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है। अपराध की गंभीरता चाहे कितनी भी हो, जांच एजेंसियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना ही होगा। किसी व्यक्ति को केवल इसलिए अनिश्चित समय तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता कि उससे पूछताछ की जानी है। यदि आगे की जांच के लिए हिरासत आवश्यक है तो संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय में मजिस्ट्रेट के सामने अपना पक्ष रखना होगा। न्यायिक अधिकारी तथ्यों और कानून के आधार पर निर्णय करेंगे।

इस व्यवस्था में मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। अब न्यायिक अधिकारी को यह देखना होगा कि व्यक्ति को वास्तव में कब हिरासत में लिया गया था और उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने में संवैधानिक समय सीमा का पालन हुआ या नहीं। केवल पुलिस द्वारा दर्ज की गई गिरफ्तारी की तारीख और समय को अंतिम आधार मान लेना पर्याप्त नहीं होगा। हिरासत की वास्तविक परिस्थितियों पर भी ध्यान देना आवश्यक है। इससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता को अनावश्यक रूप से सीमित करने की संभावना कम होगी।

यह समझना भी जरूरी है कि इस फैसले का अर्थ अपराधियों को संरक्षण देना नहीं है। कानून के विरुद्ध काम करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। समाज की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। लेकिन लोकतंत्र में पुलिस की शक्ति असीमित नहीं हो सकती। अधिकारों के साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं। जिस प्रकार नागरिक से कानून का पालन अपेक्षित है, उसी प्रकार पुलिस और प्रशासन से भी कानून के प्रत्येक प्रावधान का पालन अपेक्षित है। न्याय का सिद्धांत यही है कि दोषी को सजा मिले और निर्दाेष के अधिकार सुरक्षित रहें।

आज आवश्यकता है कि नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और पुलिस प्रशासन भी इस निर्णय की भावना को अपनी कार्यशैली में अपनाए। किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने की स्थिति में उसके परिजनों को नियमानुसार जानकारी मिले, हिरासत का समय स्पष्ट रहे और निर्धारित अवधि में न्यायिक प्रक्रिया पूरी हो। वकीलों और कानूनी सहायता से जुड़े लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।

सर्वाेच्च न्यायालय का यह संदेश स्पष्ट है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस की शक्ति कानून से मिलती है और उसी कानून की मर्यादा में उसका उपयोग होना चाहिए। नागरिक की स्वतंत्रता किसी अधिकारी की इच्छा पर निर्भर नहीं हो सकती। 24 घंटे की संवैधानिक सीमा का पालन केवल एक कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र में व्यक्ति के सम्मान, सुरक्षा और न्याय का आधार है। जागरूक नागरिक और जवाबदेह प्रशासन ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान हैं।

Comments (0)

Leave a Comment