Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

कलाकारों के लिए भाषा की रुकावट नहीं बननी चाहिए- कशिका कपूर

मुंबई । दक्षिण भारतीय अभिनेताओं के बॉलीवुड में काम करने के दौरान उनके हिंदी लहजे को लेकर ट्रोल किए जाने पर अभिनेत्री कशिका कपूर ने अपनी राय साझा की है। कशिका ने कहा कि अभिनेता को एक कलाकार के रूप में देखा जाना चाहिए और भाषा उनके लिए कोई रुकावट नहीं बननी चाहिए। 

एक बातचीत में कशिका ने कहा कि उन्हें लगता है कि ऐसा अक्सर होता है, लेकिन एक एक्टर की पहचान हमेशा एक परफॉर्मर के तौर पर होनी चाहिए। भाषा कभी कोई रुकावट नहीं बननी चाहिए। हमें इंडस्ट्री को यह कहकर नहीं बांटना चाहिए कि यह तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री है या यह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री है। कॉफी विद करण में शामिल होने के दौरान रश्मिका मंदाना ने बताया था कि उन्हें अपने पूरे करियर में अपने एक्सेंट को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी है। हालांकि, उन्होंने कभी इस आलोचना की वजह से खुद को अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री और भाषाओं में काम करने से रोकने नहीं दिया। शो के दौरान रश्मिका ने बताया कि वह दक्षिण भारत से हैं, इसलिए उनका एक्सेंट स्वाभाविक है। पुष्पा की अभिनेत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वह खुद को सिर्फ एक इंडस्ट्री तक सीमित रखने के बजाय कई भाषाओं में काम करना चाहती हैं।

 रश्मिका का उदाहरण देते हुए कशिका ने कहा कि द गर्लफ्रेंड फिल्म की इस अभिनेत्री को जिस तरह की आलोचना या जजमेंट का सामना करना पड़ रहा है, वह उसकी हकदार नहीं हैं। कशिका ने कहा कि हर कोई कड़ी मेहनत कर रहा है और बेहतरीन परफॉर्मेंस दे रहा है। उदाहरण के लिए रश्मिका मंदाना को ही ले लीजिए। वह एक शानदार एक्टर और परफॉर्मर हैं और उन्हें नहीं लगता कि किसी को भी उन्हें उनकी भाषा या एक्सेंट के आधार पर जज करना चाहिए। यह उनकी पहचान का ही एक हिस्सा है जो उन्हें सबसे अलग बनाता है। उनकी जड़ें वहां से जुड़ी हैं, लेकिन अंत में उनकी परफॉर्मेंस ही मायने रखती है। वह एनिमल जैसी कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रही हैं और बहुत अच्छा काम कर रही हैं।


Comments (0)

Leave a Comment