Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

मोहाली में आप पार्षद पति को लॉरेंस गैंग की धमकी

जालंधर । मोहाली के गांव बलियाली में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां वार्ड नंबर-45 की मौजूदा पार्षद के पति से कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह चहल ने बलौंगी पुलिस को बताया कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी वार्ड नंबर-45 की पार्षद हैं, जिनके राजनीतिक व अन्य कामकाज वह खुद देखते हैं।

साथ ही, उनकी बलियाली क्षेत्र में 11 एकड़ पुश्तैनी जमीन भी है। गुरप्रीत के अनुसार, 4 अक्टूबर को जब वह फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में थे, तो उन्हें एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उन्होंने काट दिया। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आई, लेकिन कोई आवाज न आने पर उन्होंने फोन काट दिया। शाम करीब 6रू30 बजे उनके बेटे को भी एक अन्य विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा आरजू बताते हुए बेटे को धमकाया कि उसके पिता से 2 करोड़ रुपये तैयार रखने को कहें, अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा। बेटे ने तत्काल कॉल काट दी और नंबर ब्लॉक कर दिया। गुरप्रीत सिंह चहल ने अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गुरप्रीत की शिकायत पर आरजू समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


Comments (0)

Leave a Comment