Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement
Advertisement Banner

परीक्षा कैलेंडर और पूरी प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक हो -पवन खेड़ा

 यूपीआई शुल्क पर भी साधा निशाना 

इंदौर । राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा शुक्रवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में छात्रों से मिले सुझावों को राजनीतिक एजेंडे में शामिल किया जा रहा है। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां प्रदेश कांग्रेस के साथ समन्वय कर इन मुद्दों को घोषणा-पत्र में शामिल करने पर काम होगा। परीक्षा व्यवस्था पर खेड़ा ने कहा कि छात्रों की मांग है कि परीक्षाओं का निश्चित कैलेंडर पहले से सार्वजनिक हो। पेपर की छपाई, परिवहन और जांच तक की प्रक्रिया में जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था के हर चरण के लिए तय टाइमलाइन की जरूरत बताई।

इंदौर को भाजपा का मजबूत क्षेत्र माने जाने पर खेड़ा ने कहा कि कोई भी राजनीतिक गढ़ स्थायी नहीं होता। उनके अनुसार राजनीतिक आधार लोगों की उम्मीदों पर टिका होता है और उम्मीदें टूटने पर वह आधार भी कमजोर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार लोगों के बीच अपनी बात रख रही है।

 यूपीआई शुल्क पर केंद्र को घेरा

यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर के सवाल पर खेड़ा ने कहा कि सरकार ने वर्षों पहले डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया और अब उसी व्यवस्था पर शुल्क की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि शुल्क बढ़ने पर व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है और उसका असर ग्राहकों पर पड़ सकता है।

खेड़ा ने यूपीआई शुल्क को अमेरिका के साथ भारत के संबंधों से जोड़ते हुए केंद्र पर अमेरिकी दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया।सनातन धर्म के खिलाफ नारेबाजी पर खेड़ा ने कहा कि वे किसी भी धर्म या विचारधारा के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने राजनीतिक विरोध को वैचारिक स्तर तक सीमित रखने की बात कही। राहुल गांधी के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस सभी सुरक्षा नियमों का पालन करेगी, लेकिन ऐसे नियमों का विरोध करेगी जो कार्यक्रम में अनावश्यक व्यवधान पैदा करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम करने और अपनी बात रखने का अधिकार है।

राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में होगा। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम हो चुके हैं।


Comments (0)

Leave a Comment